दिलजीत दोसांझ 'बाहरी' कहे जाने पर भड़के, मंच से बोले- होनोलूलू में थोड़ी पैदा हुआ हूं
क्या है खबर?
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अपने 'ऑरा इंडिया टूर 2026' के दौरान गायक दिलजीत दोसांझ के एक बयान ने उनकी जड़ों, जन्मस्थान और नागरिकता को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है। 21 नवंबर को लाइव कॉन्सर्ट में परफॉर्म करते हुए दिलजीत ने उन लोगों को करारा जवाब दिया, जो उन्हें भारत के बाहर का बताते हैं। दिलजीत की इस टिप्पणी के बाद अब सोशल मीडिया पर उनके जन्म और नागरिकता से जुड़ी खबरें फिर सुर्खियों में आ गई हैं।
प्रतिक्रिया
कॉन्सर्ट में 'बाहरी' कहे जाने पर दिलजीत का तंज
अहमदाबाद कॉन्सर्ट में दिलजीत ने सवाल उठाया कि लोग उन्हें बाहर का क्यों बताते हैं। उन्होंने कहा, "कोई बाहर से कलाकार आकर गाएगा, उसकी दिक्कत नहीं है। दिलजीत से दिक्कत है। मेरे को कहते हैं तू बाहर से आया है। मेरा जन्म तो यहीं हुआ है, मैं होनोलूलू में थोड़ी पैदा हुआ हूं।"
भड़के दिलजीत ने चेतावनी देते हुए कहा, "मैं और मेरा पूरा क्रू यहीं पैदा हुए हैं। मुझे उकसाओ मत, मैं जवाब दूंगा।"
रिपोर्ट
दिलजीत ने 2022 में छोड़ा था भारतीय पासपोर्ट?
उधर द इंडियन एक्सप्रेस की मई 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, दिलजीत ने 2022 में अमेरिकी नागरिकता ली थी। वो अमेरिकी पासपोर्ट पर यात्रा करते हैं।रिपोर्ट के मुताबिक, दिलजीत का आखिरी भारतीय पासपोर्ट 2018 में मुंबई से जारी हुआ था और वो 1 सितंबर 2022 से अमेरिकी पासपोर्ट पर यात्रा कर रहे हैं।
दावा है कि वो ई-वीजा पर भारत आते हैं और उनके पास OCI कार्ड नहीं है। उनकी पत्नी संदीप कौर भी अमेरिकी नागरिक बताई जाती हैं।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए दिलजीत का वीडियो
“I was born here, my entire crew was born here. Don’t provoke me, I will respond”
— Nabila Jamal (@nabilajamal_) November 21, 2026
Diljit Dosanjh hits back at ‘outsider’ barbs, questioning why Coldplay is allowed to sing about alcohol and getting high, but all hell breaks loose when he does the same "Why the double standards?"… pic.twitter.com/UPwuzUtAw2
ठिकाने
कहां जन्मे और कहां-कहां हैं दिलजीत दोसांझ के आशियाने?
दिलजीत का जन्म पंजाब के जालंधर जिले के 'दोसांझ कलां' गांव में हुआ था।
माता-पिता सुखविंदर कौर और बलबीर सिंह के साथ गांव में शुरुआती बचपन बिताने के बाद करीब 11 साल की उम्र में वो मामा के पास लुधियाना चले गए।
अपनी निजी जिंदगी को गुप्त रखने वाले दिलजीत की कैलिफोर्निया, मुंबई, टोरंटो और लुधियाना में प्रॉपर्टी हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, 2022 में अमेरिकी नागरिकता लेते समय उन्होंने कैलिफोर्निया के एक रिहायशी बंगले को अपना स्थायी पता बताया था।