LOADING...
दिलजीत दोसांझ ने राजनीति से जोड़े हाथ, बोले- कभी नहीं; अपने काम में बड़ा खुश हूं
राजनीति में आने पर बोले दिलजीत दोसांझ

दिलजीत दोसांझ ने राजनीति से जोड़े हाथ, बोले- कभी नहीं; अपने काम में बड़ा खुश हूं

May 09, 2026
12:48 pm

क्या है खबर?

मशहूर पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने राजनीति में आने की तमाम अटकलों को खारिज कर दिया है। पिछले कुछ दिनों से उन्हें पंजाब का 'नया राजनीतिक चेहरा' बताया जा रहा था, लेकिन दिलजीत ने साफ कर दिया है कि उनका चुनाव लड़ने या किसी राजनीतिक पार्टी से जुड़ने का कोई इरादा नहीं है। उनका कहना है कि वे केवल अपने संगीत और अभिनय पर ध्यान देना चाहते हैं। क्या बोले दिलजीत, आइए जानते हैं।

पोस्ट

दिलजीत ने राजनीति में आने वाली खबरों पर लगाया विराम

दिलजीत ने पंजाब की राजनीति का नया चेहरा बनने की खबरों पर चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने इन अटकलों को सिरे से खारिज करते हुए साफ शब्दों में जवाब दिया, 'कभी भी नहीं।' दिलजीत ने एक्स पर एक पंजाबी अखबार की खबर को दोबारा शेयर किया, जिसकी हेडलाइन थी, 'क्या दिलजीत बन सकते हैं पंजाब का नया राजनीतिक चेहरा?' इस पर उन्होंने लिखा, 'कभी भी नहीं... मेरा काम मनोरंजन करना है। मैं अपने क्षेत्र (मनोरंजन) में बहुत खुश हूं। बहुत-बहुत शुक्रिया।'

चर्चा

आखिर कहां से शुरू हुई दिलजीत के राजनीति में आने की चर्चा?

दिलजीत का ये बयान तब आया है, जब सोशल मीडिया पर 'जागो पंजाब मंच' की एक अपील तेजी से वायरल हो रही थी। ये अपील सीधे दिलजीत को संबोधित करते हुए लिखी गई थी, 'जागो पंजाब... दिलजीत दोसांझ से अपील... उन सभी पंजाबियों की अंतरात्मा, साहस और बदलाव को पुकार, जो आज भी (बेहतर भविष्य की) उम्मीद रखते हैं।' इसी अपील के बाद सोशल मीडिया पर दिलजीत के राजनीति में आने की चर्चाएं शुरू हुई थीं।

Advertisement

अपील

दिलजीत को नेता बनाने पर अड़ा 'मंच'?

इस अपील में पंजाब सरकार के गिरते स्तर को 'एक ऐसा जख्म' बताया गया, जो भर नहीं रहा है, साथ ही समाज में आती दरार और 'सांप्रदायिक खतरे' का जिक्र करते हुए इसे एक ऐसा वायरस बताया गया, जिसे राजनीति से दूर रहने वाले लोग भी अब नजरअंदाज नहीं कर सकते। इस अपील में निष्कर्ष निकाला गया कि दिलजीत दोसांझ इन हालातों के लिए एक 'अपेक्षित लेकिन सटीक नेता' साबित हो सकते हैं, क्योंकि 'वक्त अब जवाब मांग रहा है'।

Advertisement

आगामी फिल्म

'बॉर्डर 2' के बाद दिलजीत के फैंस को अब 'मैं वापस आऊंगा' का इंतजार

काम के मोर्चे पर बात करें तो दिलजीत आखिरी बार 'बॉर्डर 2' में नजर आए थे। साल 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध पर आधारित इस फिल्म में सनी देओल के साथ वरुण धवन और अहान शेट्टी जैसे सितारे भी शामिल हैं। फिलहाल फैंस को उनकी अगली फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' का इंतजार है, जिसे इम्तियाज अली निर्देशित कर रहे हैं। 'अमर सिंह चमकीला' की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद दिलजीत और इम्तियाज अली की ये साथ में दूसरी फिल्म होगी।

Advertisement