दिलजीत दोसांझ के मुंबई कॉन्सर्ट को मिली धमकी, अब सुरक्षा के लिए उठाया गया बड़ा कदम
क्या है खबर?
दिलजीत दोसांझ के मुंबई कॉन्सर्ट को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। हालांकि, इसके बावजूद कार्यक्रम तय योजना के मुताबिक ही आयोजित किया जाएगा। 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स में होने वाले इस कॉन्सर्ट को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान 1,500 से अधिक निजी सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया जाएगा और अन्य एहतियाती कदम भी उठाए गए हैं।
सुरक्षा
दिलजीत के कॉन्सर्ट की सुरक्षा हुई कड़ी
मिड-डे की एक रिपोर्ट के अनुसार, दिलजीत के मुंबई कॉन्सर्ट को मिली धमकी को देखते हुए, अधिकारी यह सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठा रहे हैं कि कोई बाहरी तत्व कार्यक्रम में बाधा न डाल सके।
मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े को कई ईमेल मिले, जिनमें दिलजीत के मुंबई कॉन्सर्ट को संभावित निशाना बताया गया था।
पुलिस ने कार्यक्रम स्थल की जांच की है और वहां कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।
इंतजाम
कैसे होंगे सुरक्षा इंतजाम
एक सूत्र ने बताया, "दिलजीत के कॉन्सर्ट में आमतौर पर 3 गेटों पर चेकिंग होती है, लेकिन इस बार 5 गेटों पर चेकिंग की जाएगी। कार्यक्रम वाले दिन और उससे एक दिन पहले, आयोजन स्थल पर सुरक्षा जांच की जाएगी। मुंबई पुलिस ने 30 अक्टूबर को दिल्ली में हुए कॉन्सर्ट के दौरान की गई व्यवस्थाओं पर ध्यान दिया है और मुंबई में भी इसी तरह के सुरक्षा इंतजाम लागू किए जाएंगे।"
खास
क्या होगा खास?
सूत्र ने आगे कहा, "दिल्ली में शुरुआती प्रस्ताव में लगभग 400 निजी सुरक्षाकर्मी शामिल थे, लेकिन पुलिस ने इसे बढ़ाकर 1,500 से 2,000 करने की सलाह दी थी। मुंबई में भी ऐसा ही किया जाएगा। उनकी जिम्मेदारियों में गेट पर कतारों को व्यवस्थित करना, मदद कियोस्क संभालना और वेन्यू के आसपास पैदल चलने वालों की आवाजाही को मैनेज करना शामिल होगा। 500 से 700 मीटर का 'नो-कार जोन' बनाया जाएगा और ट्रैफिक पर भी पाबंदियां लगाई जाएंगी।"
निर्देश
आयोजकों को दिया गया यह निर्देश
सूत्र ने बाताया, "मुंबई में दिलजीत के आसपास सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे और उनके होटल में भी अतिरिक्त सुरक्षा का इंतजाम किया जाएगा। आयोजकों को निर्देश दिया गया है कि वे दिलजीत के ठहरने की जगह या उनके आने के समय की जानकारी किसी को भी न दें, जिसमें पैपराजी भी शामिल हैं।"
बता दें दिल्ली के बाद दिलजीत के शो इंदौर, अहमदाबाद, बेंगलुरु और लखनऊ में होने वाले हैं।
जानकारी
फोन की भी होगी अच्छी तरह जांच
दिलजीत के कॉन्सर्ट के बारे में बात करते हुए एक अन्य सूत्र ने बताया, "कॉन्सर्ट वेन्यू को पूरी तरह से 'फोन-फ्री' करना संभव नहीं है। इसके बजाय, स्क्रीनिंग प्रक्रिया के दौरान वहां आने वाले लोगों के फोन की अच्छी तरह से जांच की जाएगी।"