दिलजीत दोसांझ मंच से दहाड़े- जितने झंडे दिखाने हैं दिखाओ, मैं पंजाब के लिए खड़ा हूं
क्या है खबर?
मशहूर पंजाबी गायक और ग्लोबल स्टार दिलजीत दोसांझ एक बार फिर अपनी बेबाकी को लेकर सुर्खियों में हैं। हालिया कॉन्सर्ट के दौरान जब कुछ प्रदर्शनकारियों ने झंडे दिखाकर उनका विरोध करने की कोशिश की तो दिलजीत ने मंच से ही उन्हें करारा जवाब दिया। उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि जितने झंडे दिखाने हैं दिखाओ, उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। गायक के इस आक्रामक अंदाज और 'मुंहतोड़' जवाब का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
गुस्सा
कॉन्सर्ट में प्रदर्शनकारियों पर भड़के दिलजीत
DNA के मुताबिक, दिलजीत के हालिया शो में उस वक्त तनाव बढ़ गया, जब उन्होंने भीड़ में कुछ लोगों को अपना विरोध करते देखा। चर्चा है कि प्रदर्शनकारी दिलजीत के 'द टुनाइट शो विद जिम्मी फॉलन' में शामिल होने और पंजाब में आई बाढ़ के दौरान वहां का दौरा न करने से नाराज थे। बढ़ते शोर को देख दिलजीत ने मंच से ही विरोधियों को ललकारते हुए साफ कर दिया कि वो किसी के दबाव में झुकने वाले नहीं हैं।
खरी-खरी
"जितने झंडे दिखाने हैं दिखाओ, मुझे फर्क नहीं पड़ता"
दिलजीत ने कहा, "मैं जिन भी बड़े चैनलों पर जाता हूं, वहां अपने गानों या फिल्मों का प्रचार नहीं करता, बल्कि सिर्फ और सिर्फ पंजाब की बात करता हूं। मैं जिम्मी फॉलन शो में पंजाब की खातिर गया था, इसलिए तुम्हें जितने झंडे दिखाने हैं दिखाओ, मुझे फर्क नहीं पड़ता।" दिलजीत ने साफ कर दिया कि वो अंतरराष्ट्रीय मंचों का इस्तेमाल अपनी मातृभूमि का गौरव बढ़ाने के लिए करते हैं और वो ऐसे विरोध प्रदर्शनों से डरने वाले नहीं हैं।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए वीडियो
New 🔴#DiljitDosanjh loses cool at concert, calls out protesters raising flags at him, slams national media: 🚨
— Always Bollywood (@AlwaysBollywood) May 1, 2026
Shouts "'Jitne jhande dikhane dikhao'" 🔴
from his recent concert, Diljit noticed that some attendees were raising flags against him, displaying their protest… pic.twitter.com/Km7LDYodHH
लताड़
दिलजीत ने पहले भी दी थी विरोधियों को पटखनी
इससे पहले 2024 में इंदौर में हुए अपने एक कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने मशहूर शायर राहत इंदौरी की पंक्तियां 'किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है' दोहराकर सबका दिल जीत लिया था। मंच से दहाड़ते हुए दिलजीत बोले थे, "अगर खिलाफ हैं होने दो, जान थोड़ी है, ये सब धुआं है कोई आसमान थोड़ी है। सभी का खून है शामिल यहां की मिट्टी में, किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है।" ये वीडियो सोशल मीडिया पर छाया रहा था।
लोकप्रियता
दुनियाभर में फैले हैं दिलजीत के प्रशंसक
दिलजीत की लोकप्रियता की लहर पंजाब से शुरू होकर अब हॉलीवुड के गलियारों तक पहुंच चुकी है। वो पहले ऐसे पंजाबी कलाकार हैं, जिन्होंने कोचेला जैसे दुनिया के सबसे बड़े म्यूजिक फेस्टिवल में परफॉर्म किया। सिर्फ संगीत ही नहीं, अभिनय में भी दिलजीत का कोई सानी नहीं है। 'जट्ट एंड जूलियट' जैसी कल्ट कॉमेडी से लेकर 'अमर सिंह चमकीला' और 'उड़ता पंजाब' जैसी गंभीर फिल्मों तक, उन्होंने हर किरदार में जान फूंकी है।