Page Loader
क्या मतभेद के कारण 'कभी ईद कभी दिवाली' से बाहर हो गए आयुष शर्मा?
'कभी ईद कभी दिवाली' से बाहर हो गए आयुष शर्मा

क्या मतभेद के कारण 'कभी ईद कभी दिवाली' से बाहर हो गए आयुष शर्मा?

May 22, 2022
01:20 pm

क्या है खबर?

सलमान खान काफी समय से 'कभी ईद कभी दिवाली' को लेकर खबरों में बने हुए हैं। आए दिन फिल्म से जुड़ी नई-नई जानकारियां सामने आ रही हैं। कुछ समय पहले खबर आई थी कि आयुष शर्मा इस फिल्म में सलमान के भाई का किरदार निभाएंगे। अब सुनने में आ रहा है कि आयुष इस फिल्म के प्रोजेक्ट से बाहर हो गए हैं। खबरों की मानें तो क्रिएटिव डिफरेंसेज के कारण उन्होंने खुद को इस फिल्म से बाहर कर लिया।

रिपोर्ट

आयुष और सलमान खान फिल्म्स के बीच चल रहा विवाद- सूत्र

बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, क्रिएटिव डिफरेंसेज के कारण 'कभी ईद कभी दिवाली' से आयुष बाहर हो गए हैं। एक सूत्र ने कहा, "हां, 'कभी ईद कभी दीवाली' की टीम ने फिल्म पर काम और इसकी शूटिंग शुरू कर दी थी। लेकिन लगता है कि आयुष और सलमान खान फिल्म्स के बीच कुछ विवाद चल रहा है। क्रिएटिव डिफरेंसेज के बाद आयुष ने इस प्रोजेक्ट से बाहर निकलने का फैसला किया है।"

शूटिंग

आयुष ने शुरू कर दी थी फिल्म की शूटिंग

सूत्र ने बताया कि आयुष इस फिल्म की शूटिंग भी शुरू कर चुके थे। उनके और प्रोडक्शन हाउस के बीच कुछ मतभेद पैदा हो गए, जिसके कारण उन्होंने फिल्म से बाहर होना मुनासिब समझा। अब किस मुद्दे को लेकर बात बिगड़ गई, ये तो आयुष और मेकर्स ही बता सकते हैं। इतना जरूर है कि इस खबर के आने के बाद फिल्म को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई। हालांकि, इस संबंध में कुछ भी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

रोमांस

पूजा हेगड़े के साथ रोमांस करते दिखेंगे सलमान

'कभी ईद कभी दिवाली' में साउथ स्टार वेंकटेश और पूजा हेगड़े भी नजर आएंगी। फिल्म में 56 वर्षीय सलमान पहली बार 31 वर्षीया अभिनेत्री पूजा के साथ रोमांस करते दिखेंगे। जहीर इकबाल सलमान के तीसरे भाई की भूमिका अदा करेंगे। फिल्म का निर्देशन फरहाद सामजी करेंगे। वहीं, इसे सलमान ही प्रोड्यूस करेंगे। इसकी कहानी काफी हद तक सलमान के परिवार से प्रेरित लगती है। इसमें एक ऐसे परिवार की कहानी होगी, जिसमें ईद और दिवाली दोनों त्योहार मनाए जाते हैं।

जानकारी

क्या आगे बढ़ सकती है फिल्म की रिलीज डेट?

यह फिल्म 30 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। मेकर्स को आयुष की भूमिका के लिए नए कलाकार को कास्ट करना होगा और इसमें समय भी लगेगा। इसलिए चर्चा है कि फिल्म की रिलीज डेट आगे बढ़ सकती है।

वर्कफ्रंट

इन फिल्मों में भी नजर आएंगे आयुष और सलमान

आयुष ने 'लवयात्री' से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। फिल्म का प्रोडक्शन सलमान ने ही किया था। आयुष आने वाले दिनों में करण बुटानी की 'क्वाथा' में नजर आएंगे। सलमान 'मास्टर' की हिंदी रीमेक में नजर आ सकते हैं। 'टाइगर 3' में भी सलमान अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे। फिल्म में एक बार फिर कैटरीना कैफ के साथ उनकी जोड़ी नजर आएगी। वह शाहरुख खान की 'पठान' में भी अपना जलवा बिखेरते दिखेंगे।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)

सलमान और उनके बहनोई आयुष पिछले साल रिलीज हुई फिल्म 'अंतिम: द फाइनल ट्रुथ' में नजर आए थे। पर्दे पर दोनों को फाइट करते हुए देखा गया था। इस फिल्म को दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी।