प्रधानमंत्री मोदी पर भड़कीं दीया मिर्जा- 47 दिन की चुप्पी के बाद भी कुछ नहीं कहा
क्या है खबर?
देशभर में गरमाए NEET-UG 2024 पेपर लीक विवाद और छात्रों के लगातार हो रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच बॉलीवुड अभिनेत्री और पर्यावरणविद् दीया मिर्जा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देर रात दिए गए संदेश पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन पर असंतोष जताते हुए सााफ कहा कि उनके इस बयान में उन लाखों छात्रों और उनके परिवारों के प्रति जरा भी सहानुभूति नहीं दिखी।
नाराजगी
'सर, सहानुभूति जताना कितना मुश्किल है?'
दीया ने इंस्टाग्राम पर कड़ा नोट साझा कर उनके जवाब पर गहरा असंतोष व्यक्त किया।
उन्होंने लिखा, 'उन माता-पिता के लिए सहानुभूति का एक शब्द भी नहीं, जिन्होंने अपने बच्चों को खो दिया, ना उन बच्चों के लिए जिनकी मौत हो गई, न ही अपने अधिकारों की मांग कर रहे छात्रों के अद्भुत धैर्य के लिए और ना सोनम वांगचुक या उन छात्रों के लिए, जो हफ्तों से भूख हड़ताल पर थे। सर, ऐसा करना कितना मुश्किल हो सकता है?'
वार
करोड़ों टूटे दिलों पर मरहम नहीं लगा पाए मोदी- दीया
अभिनेत्री ने प्रधानमंत्री के जवाब में हुई देरी पर भी सवाल उठाया और जोड़ा, 'आपको कुछ कहने में 47 दिन लग गए और अब जब आपने कुछ कहा है, तो असल में कुछ भी नहीं कहा है। ऐसा कुछ भी नहीं, जो टूटे हुए करोड़ों दिलों के जख्मों पर मरहम लगा सके।'
उधर प्रशंसक दीया का पुरजोर समर्थन करते हुए कह रहे हैं कि वे इकलौती ऐसी अभिनेत्री हैं, जो बिना किसी डर के खुलकर अपनी बात रखती हैं।
संदेश
अपने वीडियो संदेश में क्या बोले थे प्रधानमंत्री?
प्रधानमंत्री ने गुरुवार रात 11 बजकर 52 मिनट पर अपने वीडियो संदेश में कहा कि परीक्षा के पेपर लीक होने से लाखों छात्रों और उनके माता-पिता को अत्यधिक पीड़ा पहुंची है।
उन्होंने ऐलान किया कि केंद्रीय कैबिनेट शुक्रवार को एक मसौदा कानून पर चर्चा करेगी, जिसमें पेपर लीक के दोषियों के लिए फास्ट-ट्रैक अदालतों और सख्त सजा का प्रावधान होगा। उन्होंने भरोसा जताया कि सरकार इस विधेयक को जारी मानसून सत्र में ही पारित कराने का पूरा प्रयास करेगी।
गंभीर मुद्दा
NEET विवाद को बताया गंभीर मुद्दा
इस मुद्दे को कोई मामूली बात नहीं बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि NEET पेपर लीक के बाद सरकार की पहली प्राथमिकता ये सुनिश्चित करना है कि छात्रों का एक शैक्षणिक वर्ष बर्बाद न हो।
बता दें कि दीया मिर्या उन कई फिल्मी हस्तियों में शामिल हैं, जिन्होंने NEET में हुई गड़बड़ियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे और शिक्षा सुधारों की मांग उठा रहे छात्रों का खुलकर समर्थन किया है।