दीया मिर्जा पर भड़कीं मुंबई मेयर- प्रधानमंत्री को ट्रोल करने वालों को BMC में जगह नहीं
क्या है खबर?
मुंबई की मेयर रितु तावडे ने प्रदूषण-मुक्त दिवाली अभियान को लेकर अभिनेत्री दीया मिर्जा पर बड़ा हमला बोला है। मेयर ने उन पर हिंदुत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करने का आरोप लगाया है। विवाद बढ़ने के बाद तावडे ने साफ किया कि दीया मिर्जा को बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के आधिकारिक पोर्टल पर जगह नहीं दी जाएगी और ना ही उन्हें भविष्य में नगर निगम के किसी भी कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा।
विवाद
दीया के पटाखे-मुक्त दिवाली वीडियो पर घमासान
ये विवाद तब बढ़ा, जब BMC ने दीया का एक वीडियो अपने आधिकारिक हैंडल से हटा दिया।
इस वीडियो में अभिनेत्री ने मुंबईवासियों से पटाखों पर बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देशों का पालन करने और दिवाली के दौरान ध्वनि व वायु प्रदूषण से बचने की अपील की थी।
वीडियो हटने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मेयर रितु तावड़े ने साफ कर दिया कि नगर निगम अब अपने किसी भी कार्यक्रम में दीया को शामिल नहीं करेगा।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए वीडियो
VIDEO | Mumbai: Mayor Ritu Tawde, on the controversy over actor Dia Mirza's pollution-free Diwali video, says, "Dia Mirza shouldn't teach us how to celebrate Diwali. She may continue working on her selective agenda. Dia Mirza has always sided with divisive forces. She had trolled… pic.twitter.com/2MiQk16TDG
— Press Trust of India (@PTI_News) November 2, 2026
दो टूक
"प्रधानमंत्री मोदी का विरोध करने वालों को नगर निगम में जगह नहीं"
रितु बोलीं, "हम उन्हें किसी भी कार्यक्रम में शामिल नहीं करेंगे। BMC के आधिकारिक पोर्टल पर तो बिल्कुल भी नहीं। हमारे द्वारा आयोजित किसी अन्य कार्यक्रम में भी वे शामिल नहीं हो सकतीं, क्योंकि वो हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ट्रोल करती हैं। एक मेयर के रूप में और भारतीय जनता पार्टी का प्रतिनिधित्व करते हुए हमारा रुख बिल्कुल स्पष्ट है। हम हिंदुत्व का विरोध करने वाले किसी भी व्यक्ति को आधिकारिक BMC पोर्टल पर आने की इजाजत नहीं देंगे।"
पलटवार
"हमारा एजेंडा हिंदुत्व, खिलाफ बोलने वालों को मिलेगा मुंहतोड़ जवाब"
मीडिया को संबोधित करते हुए मेयर रितु तावड़े ने कहा कि मुंबई एक ऐसा शहर है, जो हर जाति, धर्म और समुदाय के लोगों को गले लगाता है।
उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा, "मैं सभी के लिए काम करती हूं, लेकिन हमारा एजेंडा हिंदुत्व में निहित है। अगर कोई हिंदुत्व के खिलाफ बोलेगा, चाहे उसकी जाति, धर्म या संप्रदाय कोई भी हो, उसे कड़ा और मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।"
जवाब
दिवाली कैसे मनानी है, दीया मिर्जा से सीखने की जरूरत नहीं- मेयर
मेयर ने नर्मदा परियोजना, UCC और प्रधानमंत्री मोदी के बयानों पर दीया मिर्जा के रुख का हवाला देते हुए उन पर हिंदुत्व विरोधी होने का आरोप लगाया। तावड़े ने कहा, "दिवाली कैसे मनानी है, ये सीखने के लिए हमें दीया मिर्जा की जरूरत नहीं है।" उन्होंने अभिनेत्री पर चुनिंदा एजेंडा चलाने का आरोप लगाया।
पूरा विवाद तब शुरू हुआ, जब BMC ने अपने जन जागरूकता अभियान के तहत दीया का एक वीडियो साझा किया था।