'धुरंधर 2' का एडवांस बुकिंग में तहलका, रिलीज से पहले करोड़ों में हुई कमाई
क्या है खबर?
रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2: द रिवेंज' का क्रेज इस वक्त चारों दिशाओं में देखने को मिल रहा है। दिसंबर, 2025 में आई पहली किस्त की जबरदस्त सफलता ने सीक्वल को लेकर लोगों की उम्मीदें काफी बढ़ा दी हैं। इसने अपने पेड प्रिव्यू और ओपनिंग डे को मिलाकर 13 लाख से ज्यादा टिकटों की बिक्री कर ली है। इसमें पेड प्रीव्यू के लिए 8.26 लाख और भारत में ओपनिंग डे के लिए 6.75 लाख टिकटों की बिक्री शामिल हैं।
कमाई
'धुरंधर 2' ने रिलीज से पहले बटोर लिए करोड़ों रुपये
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, ब्लॉक सीटों के बिना 'धुरंधर 2' की भारत में अब तक 60 करोड़ से ज्यादा एडवांस बुकिंग होने का अनुमान है। इसमें पेड प्रीव्यू से 37.09 करोड़ और ओपनिंग डे की एडवांस बिक्री से 22.76 करोड़ शामिल हैं। वैश्विक स्तर पर फिल्म की एडवांस बुकिंग लगभग 135 करोड़ से ज्यादा हो गई है। फिल्म को लेकर लोगाें में जिस तरह का क्रेज देखने को मिल रहा है, उसने वितरकों के बीच भी उत्साह पैदा किया है।
उम्मीद
पहले दिन 55 करोड़ का आंकड़ा पार करने की उम्मीद
उत्तरी भारत के प्रमुख वितरक राज बंसल ने स्क्रीन से बातचीत में 'धुरंधर 2' के क्रेज पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि फिल्म पहले दिन लगभग 55 करोड़ का कारोबार कर सकती है। भारत में यह पहले हफ्ते में लगभग 150 करोड़ का आंकड़ा पार कर जाएगी जिसमें पेड प्रिव्यू कलेक्शन शामिल नहीं होगा। बता दें, रणवीर अभिनीत फिल्म 2 दिन बाद, यानी 19 मार्च को दुनियाभर में रिलीज होने के लिए बिल्कुल तैयार है।