रणवीर सिंह का जलवा, 'धुरंधर 2' पर जियो-हॉटस्टार ने लगाया 150 करोड़ का तगड़ा दांव
क्या है खबर?
बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर रही रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' के सीक्वल ने रिलीज से पहले ही OTT की दुनिया में इतिहास रच दिया है। फिल्म की जबरदस्त लोकप्रियता को देखते हुए जियो-हॉटस्टार ने नेटफ्लिक्स को पछाड़ते हुए इसके डिजिटल राइट्स 150 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड कीमत पर खरीद लिए हैं। दिलचस्प बात ये है कि पहले भाग के मुकाबले इस बार फिल्म की डिजिटल वैल्यू लगभग दोगुनी हो गई है।
रिकॉर्डतोड़ डील
रिलीज से पहले ही सीक्वल ने किया OTT पर धमाका
बॉक्स ऑफिस पर सफलता के झंडे गाड़ने वाली रणवीर की फिल्म 'धुरंधर' के सीक्वल 'धुरंधर: द रिवेंज' रिलीज से पहले ही OTT की दुनिया में इतिहास रच दिया है। बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म की जबरदस्त लोकप्रियता को देखते हुए जियो-हॉटस्टार ने इसके डिजिटल राइट्स 150 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड कीमत पर खरीद लिए हैं। फिल्म के पहले भाग के डिजिटल राइट्स नेटफ्लिक्स के पास थे, लेकिन इस बार जियो-हॉटस्टार ने बाजी मार ली है।
रणनीति
हिट हुई जियो स्टूडियोज की चाल
इस महा-डील के पीछे जियो स्टूडियोज की एक सोची-समझी रणनीति रही। जानकारी के मुताबिक, पहले भाग की रिलीज से पहले नेटफ्लिक्स ने दोनों भागों के लिए 175 करोड़ रुपये का प्रस्ताव दिया था, लेकिन जियो स्टूडियोज ने फिल्म की थिएटर क्षमता पर भरोसा जताया और उस वक्त इस डील को ठुकरा दिया। जियो का ये जोखिम सही साबित हुआ। फिल्म के ब्लॉकबस्टर होने के बाद अब अकेले दूसरे भाग की कीमत 150 करोड़ तक पहुंच गई है।
धमाका
85 करोड़ से 150 करोड़ तक, रणवीर की फिल्म की डिजिटल छलांग
ये सौदा रणवीर की डिजिटल मार्केट वैल्यू के लिए एक नया कीर्तिमान स्थापित करती है। अगर आंकड़ों के गणित को समझें तो फिल्म की ब्रांड वैल्यू में जबरदस्त उछाल आया है। 'धुरंधर' के डिजिटल राइट्स नेटफ्लिक्स को करीब 85 करोड़ में बेचे गए थे, वहीं इसके दूसरे भाग के लिए जियो-हॉटस्टार ने 150 करोड़ की भारी-भरकम राशि चुकाई है। साफ है कि फिल्म के सीक्वल ने अपने पहले भाग के मुकाबले डिजिटल मार्केट में लगभग दोगुनी कीमत हासिल की है।
रिलीज
19 मार्च को होगा बॉक्स ऑफिस पर धमाका
'धुरंधर: द रिवेंज' की इस रिकॉर्ड-तोड़ कीमत के पीछे फिल्म के पहले भाग की वह ऐतिहासिक सफलता है, जिसने बॉक्स ऑफिस के सारे समीकरण बदल दिए थे। फिल्म ने 60 दिनों के अपने शानदार सफर में भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 800 करोड़ का आंकडा पार कर लिया था। ऑल-टाइम ब्लॉकबस्टर साबित हुई इस फिल्म ने दुनियाभर में धूम मचा दी थी। 'धुरंधर: द रिवेंज' में विक्की कौशल और यामी गौतम भी होंगे। फिल्म 19 मार्च को रिलीज हो रही है।