'धुरंधर 2' की OTT रिलीज में होगी देरी? इस कारण करना पड़ सकता है लंबा इंतजार
क्या है खबर?
रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' सिनेमाघरों में दर्शकों का भरपूर मनोरंजन कर रही है। इसने बॉक्स ऑफिस पर न सिर्फ 'जवान' और 'बाहुबली 2' जैसी फिल्मों को धूल चटाई है, बल्कि बॉलीवुड की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म का गौरव भी हासिल किया है। जहां पहली किस्त 'धुरंधर' नेटफ्लिक्स पर रिलीज की गई थी, वहीं सीक्वल को जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम किया जाएगा। इस बीच खबर है कि फिल्म के OTT प्रीमियर में लंबी देरी हो सकती है।
कारण
इस कारण से 'धुरंधर 2' के प्रीमियर में देरी की संभावना
फिल्मीबीट के मुताबिक, IPL 2026 के कारण जियो हॉटस्टार ने 'धुरंधर 2' की प्रीमियर तारीख तय नहीं की है। रिपोर्ट में कहा गया है कि टूर्नामेंट 74 मैचों के पूरा होने के बाद 31 मई को खत्म होगा। इसकी लोकप्रियता का असर अब रणवीर की फिल्म पर पड़ता दिखाई दे रहा है। पहले 'धुरंधर 2' का डिजिटल प्रीमियर जल्द किए जाने की योजना थी, लेकिन अब इसे मई के आखिर या जून की शुरुआत में रिलीज किया जा सकता है।
सौदा
'धुरंधर 2' और जियो हॉटस्टार का डिजिटल सौदा
टाइम्स नाउ के अनुसार, नेटफ्लिक्स ने 'धुरंधर' के लिए निर्माताओं के साथ करीब 85 करोड़ रुपये का सौदा किया था। हालांकि, 'धुरंधर 2' जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी। इसके लिए लगभग 150 करोड़ रुपये का सौदा किया गया है। वहीं फिल्म के कुल नॉन-थियेट्रिकल अधिकार (डिजिटल, सैटेलाइट और म्यूजिक) करीब 245 करोड़ रुपये में बिके हैं। बता दें, फिल्म 19 मार्च को रिलीज हुई थी। इसने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर अब तक 1,000 करोड़ से ज्यादा कमा लिया है।