
'ताज: रॉयल ब्लड': धर्मेंद्र ने शेख सलीम चिश्ती के किरदार में साझा की तस्वीर, पहचानना मुश्किल
क्या है खबर?
बॉलीवुड अभिनेता धर्मेंद्र वेब सीरीज 'ताज: रॉयल ब्लड' में नजर आने वाले हैं। इस सीरीज में वह सूफी संत शेख सलीम चिश्ती का किरदार निभाएंगे।
बुधवार को उन्होंने अपने किरदार की पहली झलक साझा की। उनकी तस्वीर को देखकर प्रशंसक दंग रह गए। शेख सलीम चिश्ती के लुक में उन्हें पहचानना मुश्किल है।
यह तस्वीर साझा करते हुए उन्होंने प्रशंसकों की शुभकामनाएं भी मांगी।
देखिए, कैसा है धर्मेंद्र का यह लुक।
पहली झलक
धर्मेंद्र ने ट्विटर पर साझा की पहली तस्वीर
शेख सलीम चिश्ती के किरदार में धर्मेंद्र लंबी सफेद दाढ़ी और सिर पर पगड़ी में नजर आ रहे हैं।
ट्विटर पर अपनी तस्वीर शेयर करते हुए धर्मेंद्र ने लिखा, 'दोस्तों, मैं फिल्म ताज में सूफी संत शेख सलीम चिश्ती का किरदार निभा रहा हूं। यह छोटी लेकिन अहम भूमिका है। आपकी शुभकामनाओं की जरूरत है।'
इस तस्वीर पर प्रशंसकों ने कहा कि शेख चिश्ती महत्वपूर्ण भारतीय हस्ती हैं और वे उन्हें इस किरदार में देखने के लिए उत्साहित हैं।
ट्विटर पोस्ट
धर्मेंद्र का ट्वीट
Friends, i am playing Shaikh Slim Chishti ….a sufi saint, in film Taaj. A small but an important role………need your good wishes 🙏 pic.twitter.com/IQpAoaS67y
— Dharmendra Deol (@aapkadharam) February 15, 2023
जानकारी
कौन थे शेख सलीम चिश्ती?
शेख सलीम चिश्ती अकबर काल के एक सूफी संत थे। कहा जाता है कि उत्तराधिकारी के लिए दुआ मांगने के लिए अकबर उनके पास आए थे। चिश्ती से दुआएं लेने के बाद अकबर के तीन बेटे हुए थे।
ताज: द रॉयल ब्लड
मुगलकाल पर आधारित होगी सीरीज
'ताज: रॉयल ब्लड' ZEE5 की वेब सीरीज है। कुछ दिन पहले ही सीरीज का लोगो लॉन्च किया गया था। इस मौके पर शो की स्टारकास्ट भी मौजूद थी।
यह मुगलकाल पर आधारित एक काल्पनिक शो है जिसमें उस दौर की कुछ सच्ची घटनाओं को भी दिखाया जाएगा।
इस वेब सीरीज का प्लॉट मुगल बादशाह अकबर के अपने लिए उचित उत्तराधिकारी ढूंढने पर आधारित है।
साथ ही अकबर के शासन काल की खूबसूरती और क्रूरता को भी दिखाया जाएगा।
स्टारकास्ट
नसीरुद्दीन शाह निभाएंगे अकबर का किरदार
इस मल्टीस्टारर वेब सीरीज में अकबर का किरदार अभिनेता नसीरुद्दीन शाह निभाएंगे।
धर्मेंद्र का लुक सामने आने के बाद अब दर्शकों को अकबर के रूप में नसीरुद्दीन शाह को देखने का इंतजार है।
अदिति राव हैदरी इसमें अनारकली की भूमिका में नजर आएंगी। अभिनेत्री संध्या मृदुल जोधा बाई का किरदार निभाएंगी।
आसिम गुलाटी सलीम के किरदार में नजर आएंगे, वहीं सुबोध भावे बीरबल बनेंगे।
इनके अलावा इस सीरीज में राहुल बोस, जरीना वहाब, पवन चोपड़ा जैसे कलाकार भी नजर आएंगे।
अन्य फिल्म
इस फिल्म में भी दिखेंगे धर्मेंद्र
'ताज: द रॉयल ब्लड' के अलावा धर्मेंद्र, दिनेश विजान की एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म का भी हिस्सा हैं।
इस फिल्म में शाहिद कपूर और कृति सैनन मुख्य भूमिका निभाएंगे। फिल्म में डिंपल कपाड़िया भी नजर आएंगी।
फिलहाल इस फिल्म का नाम तय नहीं किया गया है।
खबरों के अनुसार, इस फिल्म में कृति एक रोबोट के किरदार में नजर आएंगी जबकि शाहिद एक वैज्ञानिक के किरदार में नजर आएंगे।