18 साल साथ रहने के बाद अलग हुए धनुष और उनकी पत्नी ऐश्वर्या

हालिया रिलीज हुई फिल्म 'अतरंगी रे' में साउथ अभिनेता धनुष ने एक बार फिर अपने अभिनय का जादू बिखेरा है। फिल्म में धनुष और सारा अली खान की जबरदस्त बॉन्डिंग देखने को मिली। अब इस अभिनेता के प्रशंसकों के लिए एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। 18 साल साथ रहने के बाद धनुष और उनकी पत्नी ऐश्वर्या ने अलग होने का फैसला किया है। अभिनेता ने सोमवार को सोशल मीडिया पर प्रशंसकों को जानकारी दी है।
धनुष ने पत्नी ऐश्वर्या से अलगाव को लेकर ट्विटर पर एक बयान शेयर किया है। ट्विटर पर शेयर किए गए अपने नोट में धनुष ने लिखा, '18 साल का साथ एक दोस्त की तरह, एक कपल की तरह, माता-पिता की तरह और एक-दूसरे के शुभचिंतक की तरह बीता। इस सफर में हमनें काफी ग्रोथ किया, एक-दूसरे को समझा, एडजस्ट किया और अडॉप्ट किया। आज हम वहां खड़े हैं, जहां से हमारे रास्ते अलग हो रहे हैं।'
धनुष ने अपने नोट में आगे लिखा, 'ऐश्वर्या और मैंने अलग होने का फैसला किया है। हमें वक्त लगा ये समझने में कि अलग-अलग हम बेहतर हैं। हमारे फैसले का सम्मान करिए और हमें इससे निपटने के लिए प्राइवेसी दीजिए।' दोनों के इस अलगाव की खबर सुनकर फैंस को यकीन ही नहीं हो रहा है। वे सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं जाहिर कर रहे हैं। खैर जो भी हो, अब यह खूबसूरत कपल अलग हो चुका है।
🙏🙏🙏🙏🙏 pic.twitter.com/hAPu2aPp4n
— Dhanush (@dhanushkraja) January 17, 2022
धनुष ने अभिनेता रजनीकांत की बेटी ऐश्वर्या से 2004 में शादी की थी। ऐश्वर्या और धनुष दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का ऐलान किया है। धनुष के बयान को ऐश्वर्या ने भी अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर किया है। अपने पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा, 'किसी कैप्शन की जरूरत नहीं...सिर्फ आपकी समझ और आपके प्यार की जरूरत है।' एक फैंस ने ऐश्वर्या के पोस्ट पर कमेंट किया, 'मुझे विश्वास नहीं हो रहा। यह दिल तोड़ने वाला है।'
18 नवंबर, 2004 को इस कपल ने धूमधाम से शादी रचाई थी। ये दोनों दो बेटे यात्रा राजा और लिंगा राजा के माता-पिता भी हैं। ऐश्वर्या और धनुष की शादी उस वक्त हुई थी, जब धनुष 21 साल के थे और ऐश्वर्या 23 साल की थीं। काफी कम उम्र में दोनों ने अपनी शादीशुदा जिंदगी की शुरुआत की थी। दोनों की शादी तमिल रीति-रिवाजों से संपन्न हुई थी। शादी के बाद दोनों का ग्रैंड रिसेप्शन भी हुआ था।
धनुष और ऐश्वर्या की लव स्टोरी भी कमाल की रही है। इन दोनों की मुलाकात फिल्म 'Kaadhal Kondein' के दौरान हुई थी। सिनेमा के मालिक ने ऐश्वर्या को धनुष से मिलवाया। ऐश्वर्या ने उन्हें उनकी परफॉर्मेंस के लिए बधाई दी थी। इसके बाद ऐश्वर्या की तरफ से धनुष को फूलों का गुलदस्ता मिला। धनुष को ऐश्वर्या की यह बात बहुत पसंद आई और फिर दोनों दोस्त बन गए। इसके बाद दोनों चुपके-चुपके एक-दूसरे को डेट करने लगे।