अभिनेता सुनील आनंद का निधन, जहां सुपरस्टार पिता ने ली थी आखिरी सांस; वहीं तोड़ा दम
क्या है खबर?
हिंदी सिनेमा के मशहूर अभिनेता देव आनंद के बेटे, अभिनेता-निर्देशक सुनील आनंद का 70 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने लंदन के उसी अस्पताल में अपनी आखिरी सांस ली, जहां उनके पिता का निधन हुआ था। इस दुखद खबर की पुष्टि उनके परिवार की ओर से एक बयान साझा करते हुए की गई। उधर, सुनील के चाहने वाले उन्हें सोशल मीडिया पर भावुक श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
दुखद
मुश्किल वक्त में निजता बनाए रखने की मांग की
सुनील की भतीजी जीना नारंग ने कहा कि उनका परिवार इस मुश्किल वक्त में मिल रहे समर्थन के लिए आभारी है।
उन्होंने अपने भावुक बयान में कहा, "भारी मन से, हमारा परिवार सुनील आनंद के निधन पर शोक व्यक्त करता है। हमें मिले प्यार, प्रार्थनाओं और समर्थन से हमें सांत्वना मिली है, जिसके लिए हम वास्तव में आभारी हैं। हम आपसे विनम्र निजता बनाए रखने का अनुरोध करते हैं क्योंकि हम इस मुश्किल समय से एक साथ गुजर रहे हैं।"
करियर
इन फिल्मों में नजर आए थे सुनील
सुनील, अपने पिता देव और मां कल्पना कार्तिक के इकलौते बेटे थे।
उन्होंने पिता द्वारा निर्देशित फिल्म 'आनंद और आनंद' (1984) से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। फिर 'मैं तेरे लिए' और 'कार थीफ' जैसी फिल्मों का हिस्सा बने।
हालांकि, सुपरस्टार पिता जैसी शोहरत न मिलने के कारण उन्होंने फिल्मों से दूरी बना ली और परिवार के प्रतिष्ठित बैनर नवकेतन फिल्म्स की जिम्मेदारी उठा ली।
इसके जरिए उन्होंने अपने पिता के सिनेमाई सफर को जीवित रखने की कोशिश की थी।