दिल्ली में मॉडल की दर्दनाक हत्या, घर में अकेली पाकर चाकू से किए ताबड़तोड़ वार
क्या है खबर?
दिल्ली के तिलक नगर इलाके से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बुधवार को एक 21 वर्षीय मॉडल मुस्कान की उसके घर में ही चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि आरोपी जिम ट्रेनर काफी समय से उसे परेशान कर रहा था। मृतका मंगला अस्पताल के पास 4 मंजिला इमारत में अपने माता-पिता और चार भाई-बहनों के साथ रहती थी। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
घटना
शाम 5 बजे घर में घुसा हमलावर
पुलिस अधिकारी ने बताया कि वारदात के समय शाम करीब 5 बजे आरोपी घर में दाखिल हुआ, जब मुस्कान घर पर अकेली थी। उसने उस पर चाकू से कई वार किए और मौके से फरार हो गया।
अधिकारी के मुताबिक, घटना के वक्त चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी तुरंत मदद के लिए दौड़े और उन्होंने मुस्कान को खून से लथपथ हालत में पाया। उसे फौरन नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
काम
पढ़ाई के साथ पार्ट-टाइम मॉडलिंग करती थी मुस्कान
मुस्कान पढ़ाई के साथ-साथ पार्ट-टाइम मॉडलिंग भी करती थी। आरोपी इमरान कथित तौर पर उसी जिम में ट्रेनर है जहाँ मुस्कान जाया करती थी। वह फिलहाल फरार है और पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं। परिवार के करीबी लोगों के अनुसार, इस हत्या को इमरान ने ही अंजाम दिया है।
मुस्कान के भाई आकाश ने पुलिस और परिजनों को बताया कि इमरान ने ही मुस्कान को चाकू मारा था।
आरोप
दोस्त ने बताया- पहले भी तंग करता था आरोपी
मुस्कान के दोस्त अमन ने बताया कि उसकी बड़ी बहन ने चंडीगढ़ से फोन कर उसे तुरंत घर पहुंचने को कहा था। अमन के मुताबिक, जब तक वो पहुंचा, एम्बुलेंस मुस्कान को अस्पताल ले जा चुकी थी।
अमन और मृतका की बहनों ने दावा किया कि आरोपी इमरान काफी समय से मुस्कान को परेशान कर रहा था। पहले भी वो ऐसी हरकत कर चुका था, इसीलिए हत्या का सीधा शक उसी पर है।