LOADING...
चेक बाउंस मामले में राजपाल यादव को झटका, दिल्ली हाई कोर्ट ने कहा- वापस जेल भेजें 
राजपाल यादव को दिल्ली हाई कोर्ट से बड़ा झटका

चेक बाउंस मामले में राजपाल यादव को झटका, दिल्ली हाई कोर्ट ने कहा- वापस जेल भेजें 

Jul 10, 2026
02:40 pm

क्या है खबर?

अभिनेता राजपाल यादव को दिल्ली हाई कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने चेक बाउंस वाले एक पुराने मामले में अभिनेता की सजा को बरकरार रखते हुए उन्हें वापस जेल भेजने का आदेश दिया है। इस मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने साफ कहा कि राजपाल यादव को अपनी गलती सुधारने और रकम चुकाने के कई मौके दिए गए थे, लेकिन उन्होंने कोर्ट को दिया भरोसा नहीं निभाया।

आदेश

कोर्ट ने राजपाल के रवैये को बताया 'संदिग्ध'

कोर्ट ने अपना फैसला सुनाते हुए राजपाल के व्यवहार को 'संदिग्ध' बताया और अधिकारियों को उन्हें वापस जेल भेजने का आदेश दिया। साल 2010 में राजपाल ने अपनी बतौर निर्देशक पहली फिल्म 'अता पता लापता' बनाने के लिए मैसर्स मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था, लेकिन ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई। इसके बाद, जब उन्होंने पैसे नहीं चुकाए तो विवाद बढ़ गया और ये एक लंबी कानूनी लड़ाई में बदल गया।

जुर्माना

राजपाल और उनकी पत्नी पर करोड़ों का जुर्माना

अदालत ने राजपाल को हर केस के बदले शिकायतकर्ता को 1.05 करोड़ रुपये देने का आदेश दिया। इसके अलावा उन्हें शिकायतकर्ता को 1.04 करोड़ रुपये और राज्य सरकार को 25,000 रुपये चुकाने के लिए कहा गया है। कोर्ट ने उनकी पत्नी राधा यादव को भी हर केस के बदले 5.51 करोड़ रुपये देने का आदेश दिया। जज ने कहा कि राजपाल को कर्ज चुकाने के कई मौके दिए गए थे, लेकिन वो वादा पूरा करने में पूरी तरह नाकाम रहे।

Advertisement

मामला

6 महीने की सजा से लेकर सरेंडर के आदेश तक

अप्रैल 2018 में मजिस्ट्रेट कोर्ट ने चेक बाउंस मामले में राजपालऔर उनकी पत्नी को दोषी ठहराकर अभिनेता को 6 महीने की सजा सुनाई थी। इसके खिलाफ वे हाई कोर्ट पहुंचे। जून 2024 में हाई कोर्ट ने उनकी सजा पर रोक लगाते हुए करीब 9 करोड़ रुपये का बकाया चुकाने का मौका दिया, लेकिन राजपाल बार-बार पैसे लौटाने के अपने वादे से मुकरते रहे। आखिरकार, उनके इसी ढुलमुल रवैये के कारण कोर्ट ने उन्हें सरेंडर करने का आदेश दे दिया।

Advertisement

मदद

मुश्किल घड़ी में सलमान खान समेत कइयों ने बढ़ाया मदद का हाथ

आत्मसमर्पण करने से पहले राजपाल ने भावुक होते हुए कहा, "सर क्या करूं? मेरे पास पैसे नहीं हैं और कोई चारा भी नहीं दिखता।" उनके सरेंडर करने के बाद उन्हें दिल्ली की तिहाड़ जेल में भेज दिया गया था। राजपाल के इस मुश्किल समय में फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकार उनकी मदद के लिए आगे आए। सोनू सूद, अजय देवगन, सलमान खान और गुरमीत चौधरी जैसे सितारों ने उन्हें आर्थिक मदद दी और दूसरों से भी मदद की अपील की।

Advertisement