दीपक तिजोरी ने गुजराती फिल्मों की स्क्रीनिंग पर जताई चिंता, कही ये बात
दीपक तिजोरी अपनी फिल्म 'गेट सेट गो' के शोज को लेकर काफी निराश हैं। उनकी ये गुजराती एक्शन फिल्म 7 अगस्त को सिनेमाघरों में आई थी।
फिल्म ने स्वतंत्रता दिवस के वीकेंड से पहले तक सिनेमाघरों में अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन जैसे ही हिंदी फिल्में 'बंटवारा 1947' और 'आवारापन 2' सिनेमाघरों में लगीं, दीपक के मुताबिक, उनकी फिल्म के ज्यादातर शो अचानक गायब हो गए।
दीपक ने की ये खास मांग
दीपक ने अब गुजरात सरकार से अपील की है कि वे स्थानीय फिल्मों को बढ़ावा दें और उन्हें सिनेमाघरों में उचित जगह दिलवाएं। उनका कहना है कि जिस तरह महाराष्ट्र में मराठी फिल्मों को खास संरक्षण मिलता है, उसी तरह गुजरात में भी स्थानीय फिल्मों को मिलना चाहिए।
उन्होंने गेट सेट गो को बनाने में लगी कड़ी मेहनत का जिक्र करते हुए कहा, 'कम से कम गुजरात में तो गुजराती फिल्म को सम्मान मिलना ही चाहिए।'
उन्हें उम्मीद है कि अब स्थानीय फिल्में बड़ी हिंदी रिलीज के आगे यूं ही दम नहीं तोड़ेंगी।