आदित्य पंचोली के खिलाफ शिकायत दर्ज, प्रोड्यूसर ने लगाया मारपीट का आरोप
क्या है खबर?
अभिनेता आदित्य पंचोली बॉलीवुड में कोई खास पहचान नहीं बना पाए हैं। इसके बावजूद वह हमेशा लाइम लाइट में बने रहते हैं। फिल्मों के अलावा वह अपने विवादों को लेकर सुर्खियां बटोरते हैं।
अब एक और विवाद से उनका नाता जुड़ गया है। रिपोर्ट की मानें तो उनके खिलाफ पुलिस स्टेशन में एक शिकायत दर्ज करवाई गई है।
उनपर फिल्म प्रोड्यूसर सैम फर्नांडिस ने मारपीट करने का आरोप लगाया है।
आइए जानते हैं पूरा मामला।
रिपोर्ट
मुंबई के जुहू पुलिस स्टेशन में सैम ने दर्ज कराई शिकायत
ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, आदित्य के खिलाफ गाली-गलौज, धमकी और मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।
ANI ने अपने ट्विटर पोस्ट में लिखा, 'फिल्म प्रोड्यूसर सैम ने मुंबई के जुहू पुलिस स्टेशन में अभिनेता आदित्य के खिलाफ एक होटल में कथित तौर पर उन्हें गाली देने, धमकाने और मारपीट करने की शिकायत दर्ज कराई है।'
इस मामले में आदित्य ने भी सैम के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।
ट्विटर पोस्ट
ANI ने ट्विटर पर दी जानकारी
Film producer Sam Fernandes has lodged a complaint at Mumbai's Juhu police station against actor Aditya Pancholi (in file photo) for allegedly abusing, threatening assaulting him at a hotel. Pancholi has also lodged a cross-complaint: Police pic.twitter.com/95wuNYalS5
— ANI (@ANI) February 9, 2022
दबाव
'हवा सिंह' में बेटे सूरज को रखने के लिए दबाव बना रहे आदित्य
TV9 हिन्दी के मुताबिक, आदित्य सैम पर बेटे सूरज पंचोली को फिल्म 'हवा सिंह' में रखने के लिए दबाव बना रहे हैं।
सैम ने कहा, "मैंने 2019 में सूरज के साथ फिल्म की घोषणा की थी। उन्होंने 12 दिनों शूटिंग की थी, लेकिन लॉकडाउन के बाद परिस्थितियां मुश्किल हो गईं। इन्वेस्टर्स सूरज के साथ फिल्म बनाने से पीछे हट रहे थे। मैंने सूरज से बात की और उन्होंने कहा कि मैं किसी और एक्टर के साथ फिल्म बना सकता हूं।"
घटना
27 जनवरी को आदित्य ने सैम के साथ की मारपीट
कहा जा रहा है कि आदित्य फिल्म 'हवा सिंह' में बेटे सूरज को रखने के लिए अडिग हो गए। आदित्य ने फिल्म के लिए पैसे दिए, लेकिन वो पर्याप्त नहीं थे।
सैम ने कहा कि यह भारत के हैवीवेट बॉक्सर की बायोपिक फिल्म है और इसके लिए उन्हें 25 करोड़ रुपये का बजट चाहिए।
खबरों की मानें तो 27 जनवरी को आदित्य ने सैम को एक होटल में बुलाया और शराब के नशे में उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)
'हवा सिंह' में हैवीवेट बॉक्सर हवा सिंह की कहानी को फिल्माया जाएगा। उनका जन्म हरियाणा में दिसंबर, 1937 में हुआ था। उन्होंने 1966 और 1970 में बैंकॉक में हुए एशियन गेम्स में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीता था।
विवाद
इन विवादों को लेकर भी चर्चा में रहे आदित्य
आदित्य का विवादों से पुराना नाता रहा है। आदित्य पर पूजा बेदी की नौकरानी के साथ रेप करने का आरोप लग चुका है। इसके बाद पूजा ने आदित्य के साथ अपना ब्रेकअप कर लिया था।
मशहूर अभिनेत्री कंगना रनौत ने आदित्य पर मारपीट और यौन शोषण को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी।
जिया खान सुसाइड केस को लेकर भी आदित्य विवादों में बने रहे। उनके बेटे सूरज पर भी गंभीर आरोप लगे थे।
जानकारी
सूरज ने इस फिल्म से किया था डेब्यू
सूरज के करियर की पहली फिल्म 'हीरो' थी। इसका निर्देशन निखिल आडवाणी ने किया था। इसके जरिए सलमान खान ने ना सिर्फ सूरज, बल्कि अथिया शेट्टी की भी बॉलीवुड में एंट्री कराई थी, लेकिन सूरज और अथिया का यह डेब्यू फ्लॉप साबित हुआ था।