क्रिस्टोफर नोलन का भारत दौरे पर बड़ा बयान- भारतीय दर्शक दुनिया में सबसे ज्ञानी और उत्साही
क्या है खबर?
ओपेनहाइमर', 'इन्सेप्शन' और 'द डार्क नाइट' जैसी कालजयी फिल्में बनाने वाले दिग्गज हॉलीवुड निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन ने भारतीय दर्शकों की जमकर तारीफ की है। अपनी आगामी फिल्म 'द ओडिसी' के सिलसिले में भारत यात्रा पर आए क्रिस्टोफर ने यहां के सिनेमा प्रेमियों के प्रति अपना आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारतीय दर्शक न केवल फिल्मों को लेकर बेहद उत्साही हैं, बल्कि सिनेमा की गहरी समझ और ज्ञान भी रखते हैं।
खास मौका
क्रिस्टोफर की फिल्म का भारत में पहली बार प्रीमियर
हॉलीवुड के दिग्गज और ऑस्कर विजेता निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन की आगामी फिल्म 'द ओडिसी' ने मुंबई को हॉलीवुड के वैश्विक मानचित्र पर एक बड़े केंद्र के रूप में स्थापित कर दिया है। वो अपनी इस भव्य फिल्म के ग्रैंड इंडिया प्रीमियर के लिए अभिनेता टॉम हॉलैंड के साथ भारत पहुंचे हैं। ये भारतीय सिनेमा प्रेमियों के लिए बेहद खास मौका है, क्योंकि इतिहास में पहली बार क्रिस्टोफर नोलन की किसी फिल्म का भारत में आधिकारिक प्रीमियर किया जा रहा है।
तारीफ
भारतीय फैंस के मुरीद हुए क्रिस्टोफर नोलन
कार्यक्रम में क्रिस्टोफर ने भारत से अपने पुराने जुड़ाव को याद कर भारतीय दर्शकों के साथ फिल्म लॉन्च का अनुभव लेने की इच्छा जताई। उन्होंने भव्य स्वागत के लिए आभार व्यक्त कर कहा, "भारत आना हमेशा रोमांचक होता है। मुझे यहां जोधपुर और मुंबई में 2 बार शूटिंग करने का सौभाग्य मिला है। मैं वर्षों से अपनी किसी फिल्म को यहां लॉन्च करना चाहता था, क्योंकि भारतीय दर्शक दुनिया में सिनेमा के सबसे उत्साही और समझदार प्रशंसकों में से हैं।"