LOADING...
कान्स में गूंजी नेपाल की गूंज, इस फिल्म के लिए 7 मिनट तक बजती रहीं तालियां
कान्स में इस नेपाली फिल्म को मिला 7 मिनट का स्टैंडिंग ओवेशन

कान्स में गूंजी नेपाल की गूंज, इस फिल्म के लिए 7 मिनट तक बजती रहीं तालियां

May 22, 2026
04:52 pm

क्या है खबर?

कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 के मंच पर नेपाली सिनेमा ने इतिहास रच दिया है। फेस्टिवल में प्रदर्शित हुई नेपाल की फीचर फिल्म 'एलीफेंट्स इन द फॉग' ने वैश्विक स्तर पर अपनी अमिट छाप छोड़ी है। फिल्म के प्रीमियर के खत्म होते ही पूरा थिएटर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और वहां मौजूद दर्शकों ने फिल्म को पूरे 7 मिनट का 'स्टैंडिंग ओवेशन' (खड़े होकर सम्मान) दिया। नेपाली सिनेमा के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है।

उपलब्धि

प्रतिष्ठित 'अन सर्टेन रिगार्ड' सेक्शन में मिली एंट्री

नेपाली फीचर फिल्म 'एलीफेंट्स इन द फॉग' ने कान्स फिल्म फेस्टिवल के 'अन सर्टेन रिगार्ड' सेक्शन में चुनी जाने वाली पहली नेपाली फिल्म बनकर इतिहास रच दिया है। 'अन सर्टेन रिगार्ड' सेक्शन की शुरुआत 1978 में हुई थी, जो उभरते हुए फिल्म निर्माताओं और अनूठी कहानियों को सामने लाता है। ये मुख्य कॉम्पिटिशन 'पाम डी'ओर' के समानांतर चलता है और इसे कान्स फिल्म फेस्टिवल का दूसरा सबसे प्रतिष्ठित सेक्शन माना जाता है।

गर्व

तालियों से गूंज उठा पूरा थिएटर

अविनाश बिक्रम शाह द्वारा लिखित और निर्देशित ये फिल्म फेस्टिवल के 79वें संस्करण में प्रतिस्पर्धा कर रही है। वितरकों और सह-निर्माताओं, जिनमें पैट्रिक सुबेदी भी शामिल हैं, उन्होंने इस पल को फेसबुक पर साझा किया और कहा, "7 मिनट से अधिक का स्टैंडिंग ओवेशन। तालियों से गूंजता हुआ थिएटर। भावनाओं से भरा एक पल। 'एलीफेंट्स इन द फॉग' कान्स फिल्म फेस्टिवल में वैश्विक बाजार में नेपाली सिनेमा के लिए इतिहास रच रही है।"

Advertisement

बयान

"ये पूरे देश के लिए राष्ट्रीय गौरव की बात है"

सूचना एवं संचार मंत्री डॉ बिक्रम तिमिल्सिना ने कहा "मैं प्रतिष्ठित कान्स फिल्म फेस्टिवल के 'अन सर्टेन रिगार्ड' सेक्शन में नेपाली फिल्म 'एलीफेंट्स इन द फॉग' के चयन और प्रीमियर पर नेपाल सरकार की ओर से हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।" उन्होंने कहा, "ये उपलब्धि नेपाली फिल्म उद्योग की रचनात्मकता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती पहचान को दर्शाती है। साथ ही दुनिया के प्रतिष्ठित मंच पर नेपाली कहानियों और संस्कृति को प्रस्तुत करना राष्ट्रीय गर्व की बात है।"

Advertisement