Page Loader
ग्रुप से ब्रेक ले रहा BTS, अब अलग-अलग नजर आएंगे गायक
दुनियाभर में है BTS की दीवानगी (फोटो: इंस्टा:@bts.bighitofficial)

ग्रुप से ब्रेक ले रहा BTS, अब अलग-अलग नजर आएंगे गायक

Jun 15, 2022
01:55 pm

क्या है खबर?

K-पॉप म्यूजिक ग्रुप BTS के दुनियाभर के प्रशंसकों के लिए मंगलवार को एक बुरी खबर आई। ग्रुप के कलाकारों ने ऐलान किया कि वे कुछ दिन के लिए ब्रेक ले रहे हैं। ग्रुप ने मंगलवार को एक डिनर पार्टी (FESTA) के दौरान यह ऐलान किया। BTS की यह वार्षिक डिनर पार्टी यू-ट्यूब पर प्रसारित की जा रही थी। इसी पार्टी के बीच ग्रुप ने इसपर बात की। ब्रेक के बारे में बात करते हुए सभी सदस्य काफी भावुक हो गए।

ब्रेक

क्या टूट रहा है BTS?

डिनर पार्टी के इस यू-ट्यूब प्रीमियर में ग्रुप ने करीब 20 मिनट तक इसपर बात की। हालांकि, रैपर सुगा ने बताया कि यह बैंड नहीं टूट रहा है। वे कुछ समय बाद फिर से साथ आएंगे। ग्रुप के सदस्य आरएम ने कहा कि महामारी के दौरान बहुत कुछ बदल गया। एक ग्रुप के तौर पर सभी कलाकार खुद को खोया हुआ महसूस करते हैं। समूह और एक व्यक्ति के तौर पर वह K-पॉप कल्चर की भेंट नहीं चढ़ना चाहते।

अगला कदम

अब सोलो प्रोजेक्ट्स पर काम करेंगे

जंगकुक ने कहा कि इसपर काफी लंबे समय से चर्चा हो रही थी। अभी समूह से अलग अपने-अपने व्यक्तिगत प्रतिभा को निखारने का सही समय है। हालांकि, उन्होंने कहा कि समय आने पर वे फिर से साथ में वापसी करेंगे। कलाकारों के मुताबिक वे चाहते हैं कि BTS लंबे समय तक रहे, यह ब्रेक इस सफर के लिए जरूरी है। हालांकि, किसी ने भी यह साफ नहीं किया कि समूह के तौर पर उनकी वापसी कब होगी।

परिचय

क्या है BTS?

BTS दक्षिण कोरियाई गायकों का बैंड है जिसकी शुरुआत 2013 में हुई थी। इस ग्रुप में सात सदस्य हैं, आरएम (26), जिन (28), सूगा (28), जे हॉप (27), जिमिन (25), वी (25), और जंगकूक (23)। दुनियाभर में BTS की जबरदस्त दीवानगी है। आम लोग ही नहीं, कई सितारे भी इस बैंड के प्रशंसक हैं। BTS के प्रशंसकों को 'BTS आर्मी' कहा जाता है। कलाकारों को उम्मीद है कि अलग होने पर भी उन्हें आर्मी का प्यार मिलता रहेगा।

दीवानगी

इन गानों से रही BTS की धूम

समूह का नया एलबम 'प्रूफ' 10 जून को रिलीज हुआ था। 'BTS आर्मी' को उनके इस एलबम का लंबे समय से इंतजार था। इस समूह के नाम 23 गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज हैं। समूह के गाने रिलीज होते ही दुनिया भर में धूम मचाते हैं। BTS के 'डाइनामाइट', 'सेव मी', 'ऑन', 'डीएनए' और 'बटर' जैसे गानों की जबरदस्त दीवानगी है। 2021 में रिलीज हुआ गाना 'बटर' यू-ट्यूब पर 24 घंटे में सबसे ज्यादा व्यूज पाने वाला गाना है।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

दुनिया के संगीत जगत में कोरियाई पॉप कल्चर की अलग जगह है। इसे K-पॉप के नाम से जाना जाता है। इसका संगीत मूल से दक्षिण कोरियाई संगीत से आता है।