'ब्राउन' ट्रेलर: शराब की लत और आंखों में खौफ, करिश्मा कपूर ने उड़ाए प्रशंसकों के होश
क्या है खबर?
करिश्मा कपूर फिर पर्दे पर तहलका मचाने के लिए तैयार हैं। उनकी साइकोलॉजिकल क्राइम थ्रिलर सीरीज 'ब्राउन' का दमदार ट्रेलर रिलीज हो चुका है, जिसने आते ही सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। ट्रेलर में करिश्मा का ऐसा गंभीर और अनदेखा अवतार देखने को मिला है कि फैंस का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया है। लंबे समय बाद अपनी पसंदीदा अभिनेत्री को इस रूप में देखकर फैंस न सिर्फ हैरान हैं, बल्कि उनकी खुशी का ठिकाना नहीं है।
ट्रेलर
कोलकाता के क्राइम और अतीत के काले साए के बीच फंसी पुलिस अफसर
ZEE5 ने अपनी सीरीज 'ब्राउन' का ट्रेलर रिलीज कर दिया है, जिसमें करिश्मा मुख्य भूमिका में नजर आ रही हैं। कोलकाता की पृष्ठभूमि पर आधारित इस सीरीज की कहानी रीता ब्राउन (करिश्मा) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो कभी शहर की एक बेहद मशहूर और काबिल पुलिस अफसर हुआ करती थी। हालांकि, वक्त के साथ वो अपने अतीत के काले साए और दर्दनाक हादसों का शिकार हो जाती है और खुद को पूरी तरह शराब के नशे में डुबो देती है।
उत्साह
करिश्मा की दमदार वापसी देख फैंस हुए गदगद
अतीत के गहरे जख्मों और शराब की लत से जूझ रही रीता ब्राउन के सामने जब एक पेचीदा केस आता है तो कहानी में सस्पेंस का जबरदस्त तड़का लगता है। ट्रेलर में करिश्मा का टूट हुआ, लेकिन बेहद मजबूत किरदार फैंस को पसंद आ रहा है। करिश्मा की वापसी से प्रशंसक बेहद खुश हैं। ट्रेलर पर एक फैन ने लिखा, 'जिसका बेसब्री से इंतजार था, वो सामने आ गया। हम उन्हें फिर से बड़े पर्दे पर भी देखना चाहते हैं।'
दीवानगी
ट्रेलर ने बढ़ाई फैंस की धड़कनें
ट्रेलर पर आ रही प्रतिक्रियाओं को देखें तो फैंस का कहना है कि स्क्रीन पर 'क्वीन' की धमाकेदार वापसी हो चुकी है और वो इस नए रूप में पूरी तरह छा गई हैं। लंबे समय से उनकी इस सीरीज का इंतजार कर रहे फैंस उनके इस सस्पेंस और थ्रिलर से भरपूर अंदाज को देखकर बेहद उत्साहित हैं। कुल मिलाकर 'ब्राउन' के ट्रेलर ने प्रशंसकों के बीच जबरदस्त दीवानगी पैदा कर दी है।
OTT प्रोजेक्ट
करिश्मा का दूसरा OTT शो है 'ब्राउन'
करिश्मा के फैंस को पूरे 2 साल के लंबे अंतराल के बाद उन्हें स्क्रीन पर दोबारा एक्टिंग करते हुए देखने का मौका मिलेगा। उनकी आखिरी रिलीज नेटफ्लिक्स की फिल्म 'मर्डर मुबारक' थी। हालांकि, वो अक्सर रियलिटी शोज में जज की भूमिका निभाती दिखती हैं। 'ब्राउन' करिश्मा कपूर का दूसरा OTT शो होगा। इससे पहले साल 2020 में उन्होंने वेब सीरीज 'मेंटलहुड' से अपना OTT डेब्यू किया था, जिसे दर्शकों और समीक्षकों से काफी अच्छा प्रतिक्रिया मिली थी।