Page Loader
सलमान खान ने दिखाई अर्जुन कपूर को बॉलीवुड की राह, बोनी बोले- अब उनकी नहीं बनती
बोनी कपूर ने की सलमान खान के साथ बेटे अर्जुन कपूर के रिश्ते पर बात

सलमान खान ने दिखाई अर्जुन कपूर को बॉलीवुड की राह, बोनी बोले- अब उनकी नहीं बनती

लेखन मेघा
Apr 02, 2024
11:12 am

क्या है खबर?

बोनी कपूर इन दिनों अपनी फिल्म 'मैदान' को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं, जो 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। निर्माता फिल्म का प्रचार कर रहे हैं और इस दौरान वह कई ऐसा बयान भी दे रहे हैं, जो चर्चा का विषय बन रहे हैं। बीते दिन जहां निर्माता ने 'वांटेड' और 'मिस्टर इंडिया' के सीक्वल पर मुहर लगाई तो अब उन्होंने अपने बेटे अर्जुन कपूर और सलमान खान के विवाद के बारे में बात की है।

बयान

क्या कहना है बोनी का?

न्यूज 18 से बातचीत में बोनी ने पुष्टि की कि अर्जुन और सलमान के रिश्तों में तनाव है और उनकी नहीं बनती, लेकिन उनके मतभेदों का असर निर्माता के रिश्तों पर नहीं पड़ता। बोनी ने कहा, "मेरे दिमाग में ये कभी नहीं था कि अर्जुन अभिनेता बनना चाहते हैं। सलमान ने ही मुझे फोन किया और कहा कि बोनी सर, वह अभिनेता बनेगा। उनके अंदर कुछ बात है। उन्होंने खुद ही यह जिम्मेदारी ले ली थी कि अर्जुन अभिनेता बने।"

आभारी

सलमान को दिया अर्जुन के अभिनेता बनने का श्रेय

बोनी कहते हैं कि अर्जुन के अभिनेता बनने का श्रेय वह सलमान को ही देते हैं। सलमान ने अभिनेता को वजन कम करने के लिए प्रेरित किया था। उन्होंने कहा, "सलमान की बदौलत अर्जुन अभिनेता बने। उसके बाद जो कुछ भी हुआ, इससे आज उनके रिश्ते अच्छे नहीं है, लेकिन जहां तक अर्जुन की बात आती है तो सलमान ने उनके लिए बहुत कुछ किया है। अर्जुन का करियर जिस तरह से आगे बढ़ा वह सलमान से प्रभावित था।"

रिश्ते

बोनी के अच्छे हैं सलमान संग रिश्ते 

जब बोनी से पूछा गया कि उनके सलमान के साथ कैसे रिश्ते हैं तो उन्होंने बताया कि दोनों के बीच कभी कोई बदलाव नहीं आया। वह कहते हैं, "मैं अब भी उससे प्यार करता हूं, मुझे अब भी लगता है कि उनके जैसे बहुत ही कम लोग हैं, बड़े दिल और गर्मजोशी वाले। जब भी हम मिलते हैं तो प्यार से ही मिलते हैं। वह मुझे बहुत सम्मान देते हैं और मैं भी उन्हें पसंद करता हूं।"

विवाद

क्या है सलमान और अर्जुन का विवाद? 

कथित तौर पर अर्जुन, सलमान की छोटी बहन अर्पिता खान के साथ रिश्ते में थे, लेकिन 2005 में उनका ब्रेकअप हो गया। इसके बाद दोनों सितारों के बीच खटास आ गई। अब जहां अर्पिता ने आयुष शर्मा से शादी कर ली है और 2 बच्चों की मां हैं तो अर्जुन, मलाइका अरोड़ा के साथ करीब 5 साल से रिश्ते में हैं। मलाइका, सलमान के भाई अरबाज खान की पत्नी थीं और ऐसे में भी दोनों सितारे दूरी बनाकर रखते हैं।

आगामी फिल्में

सितारों की आने वाली फिल्में

बोनी 10 अप्रैल को अजय देवगन के साथ फिल्म 'मैदान' लाएंगे तो वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अर्जुन के साथ 'नो एंट्री 2' आएगी। इसके अलावा 'वांटेड 2' और 'मिस्टर इंडिया 2' भी कतार में है। सलमान, शाहरुख खान के साथ 'टाइगर वर्सेस पठान' में नजर आएंगे तो करण जौहर की 'द बुल' में उनकी मौजूदगी को लेकर संशय है। वह साजिद नाडियाडवाला की फिल्म का हिस्सा हैं। अर्जुन 15 अगस्त को रिलीज हो रही फिल्म' सिंघम अगेन' में दिखेंगे।