Page Loader
बोनी कपूर बनाएंगे इस ब्लॉकबस्टर फिल्म का रीमेक, जिसने की थी 'मिशन इम्पॉसिबल 7' की छुट्टी
बोनी कपूर लेकर आ रहे 'बाईपण भारी देवा' का रीमेक (तस्वीर: एक्स/@CinemaRareIN)

बोनी कपूर बनाएंगे इस ब्लॉकबस्टर फिल्म का रीमेक, जिसने की थी 'मिशन इम्पॉसिबल 7' की छुट्टी

Feb 22, 2025
02:43 pm

क्या है खबर?

निर्माता बोनी कपूर पिछली बार फिल्म 'मैदान' लेकर आए थे। हालांकि, अजय देवगन अभिनीत यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फेल हो गई थी। अब बाेनी एक नई फिल्म को लेकर चर्चा में हैं। खबर है कि वह दक्षिण भारतीय भाषाओं में ब्लॉकबस्टर मराठी फिल्म 'बाईपण भारी देवा' का रीमेक बनाने वाले हैं और उन्होंने इसके राइट्स पहले ही खरीद लिए थे। छोटे से बजट में बनी 'बाईपण भारी देवा' ने आते ही बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया था।

रिपोर्ट

इन भाषाओं में फिल्म का रीमेक लेकर आएंगी बोनी

बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, बोनी फिल्म का रीमेक बनाने के लिए तैयार हैं और उन्हें पूरी उम्मीद है कि यह दक्षिण भाषी दर्शकों को भी बेहद पसंद आएगा। बोनी ने जब इस फिल्म की कहानी सुनी तो वह इससे बेहद प्रभावित हुए। तभी उन्होंने इसका रीमेक बनाने का फैसला कर लिया था। साल 2024 में उन्होंने इस फिल्म के राइट्स खरीद लिए थे। बोनी तमिल तेलुगू, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में फिल्म का रीमेक बना रहे हैं।

रकम

बोनी ने 2 करोड़ रुपये में खरीदे अधिकार

रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि बोनी ने दक्षिण भारतीय भाषाओं में फिल्म का रीमेक बनाने के लिए पूरे 2 करोड़ रुपये चुकाए हैं। उन्हें फिल्म की कहानी और इसकी पहुंच पर पूरा विश्वास है, इसलिए उन्होंने इस पर बड़ा दाव लगाया है। बोनी जल्द ही फिल्म के लिए किसी साउथ निर्देशक का चयन करेंगे। उन्हें उम्मीद है कि चारों फिल्म उद्योगों की अभिनेत्रियां खुशी-खुशी उनकी इस शानदार महिला केंद्रित फिल्म से जुड़ेंगी।

फिल्म

'बाईपण भारी देवा' के बारे में

साल 2023 में आई 'बाईपण भारी देवा' ने मराठी सिनेमा में खूब धमाका किया था। इस फिल्म में 6 महिला अभिनेत्रियां मुख्य भूमिका में थीं और पहले ही दिन फिल्म ने टिकट खिड़की पर अपना कमाल दिखा दिया था। एक ओर जहां इस फिल्म का कॉन्सेप्ट दर्शकों को बहुत पसंद आया, वहीं फिल्म में अभिनेत्रियों की शानदार अदाकारी ने भी दर्शकों का दिल जीत लिया और फिल्म का संगीत भी खूब लोकप्रिय हुआ।

लागत और कमाई

बजट था 5 करोड़ कमाए थे 92 करोड़

'बाईपण भारी देवा' ने सिनेमाघरों में 50 दिन पूरे किए थे और अपने बजट से 15 गुना कमाई की थी। फिल्म में कोई बड़ा स्टार नहीं था। इसे बनाने में खर्च हुए थे करीब 5 करोड़ रुपये और इसने 92 करोड़ रुपये कमाए थे। केदार शिंदे के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने महाराष्ट्र में भौकाल मचा दिया था। आलम यह था कि इसके आगे सिनेमाघरों में 'मिशन इम्पॉसिबल 7' जैसी बड़ी फिल्म का टिकना भी मुश्किल हो गया था।

जानकारी

7 मार्च को दोबारा पर्दे पर आएगी  'बाईपण भारी देवा' 

बता दें कि 7 मार्च, 2025 में 'बाईपण भारी देवा' दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, वहीं पिछले साल अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर इस फिल्म के सीक्वल 'आईपण भारी देवा' का ऐलान किया गया था। 'बाईपण भारी देवा' डिज्नी+हॉटस्स्टार पर मौजूद है।