सलमान खान केस में जज की सख्त नसीहत- कोर्ट छोड़कर सोशल मीडिया पर पंचायत मत लगाओ
क्या है खबर?
सलमान खान और उनके पनवेल फार्महाउस के पड़ोसी के बीच चल रहा विवाद अब एक गंभीर मोड़ पर आ गया है। सोशल मीडिया पर सलमान के खिलाफ लगातार आपत्तिजनक बातें और वीडियो पोस्ट करने वाले पड़ोसी केतन कक्कड़ को बॉम्बे हाई कोर्ट ने तगड़ी फटकार लगाई है। कोर्ट ने साफ लफ्जों में कहा कि सोशल मीडिया होने का मतलब किसी को बदनाम करने का लाइसेंस नहीं मिल जाता। फार्महाउस की जमीन को लेकर क्या है पूरा विवाद, आइए जानते हैं।
फटकार
सोशल मीडिया का मतलब किसी की थू-थू करने का लाइसेंस नहीं- कोर्ट
सलमान और पनवेल में रहने वाले उनके एक पड़ोसी के बीच चल रहे विवाद की पृष्ठभूमि में बॉम्बे हाई कोर्ट ने कहा कि सोशल मीडिया तक पहुंच होने का मतलब ये नहीं है कि किसी व्यक्ति को दूसरों को बदनाम करने वाली सामग्री पोस्ट करने का अधिकार मिल जाता है, चाहे वो कोई आम नागरिक हो या फिर कोई स्टार। कोर्ट ने साफ कहा कि सोशल मीडिया पर किसी को किसी की थू-थू करने का हक नहीं।
टिप्पणी
"सोशल मीडिया पर मुकदमा लड़ना बंद करो"
अदालत ने केतन को फटकार लगाते हुए कहा कि सोशल मीडिया को अदालत की तरह इस्तेमाल करना बंद किया जाए और विवादों का समाधान कानूनी मंचों पर किया जाए। पीठ ने केतन कक्कड़ को मामले से जुड़े ट्वीट और वीडियो हटाने पर विचार करने का निर्देश दिया। जज ने कहा कि अदालत का बहुमूल्य समय इस बात पर खर्च नहीं होना चाहिए कि ऐसे वीडियो इंटरनेट पर बने रहें या नहीं, बल्कि कानूनी मुद्दों पर ध्यान दिया जाना चाहिए।
शुरुआत
कहां से शुरू हुआ विवाद?
ये विवाद पनवेल स्थित सलमान के फार्महाउस के पड़ोसी केतन कक्कड़ की जमीन से जुड़ा है। केतन का आरोप है कि सलमान ने पर्यावरण नियमों का उल्लंघन किया और उनकी जमीन तक जाने वाला रास्ता बंद कर दिया। उनका कहना है कि उन्होंने इस मामले की शिकायत सरकारी अधिकारियों से भी की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने अपनी बात रखने के लिए सोशल मीडिया पोस्ट और यूट्यूब इंटरव्यू का सहारा लिया।
मोर्चा
सलमान ने कोर्ट में खोला केतन का कच्चा चिट्ठा
जवाब में सलमान ने कोर्ट में मानहानि का मामला दर्ज कराया। उनका दावा है कि पड़ोसी केतन के वीडियो न सिर्फ झूठे और बदनाम करने वाले हैं, बल्कि वे सांप्रदायिक भावनाएं भड़काने की कोशिश भी कर रहे हैं, जिन्हें इंटरनेट पर लाखों लोगों ने देखा। सलमान के मुताबिक, उनके फार्महाउस के पास की एक जमीन का सौदा गैरकानूनी होने की वजह से अधिकारियों ने रद्द कर दिया था, जिसका गुस्सा केतन उन पर और उनके परिवार पर निकाल रहे हैं।