जैकलीन फर्नांडिस का अनोखा AI डिजिटल अवतार तैयार, शक्ल ही नहीं; सोच भी होगी उनकी जैसी
क्या है खबर?
अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस ने तकनीक की दुनिया में एक बड़ा और अनोखा कदम उठाया है। उन्होंने अपना खुद का एक आधिकारिक AI डिजिटल अवतार' यानी एक डिजिटल हमशक्ल लॉन्च की है। इसके लिए उन्होंने 'कलेक्टिव आर्टिस्ट नेटवर्क' नाम की कंपनी के साथ हाथ मिलाया है। इस तकनीक की मदद से बना जैकलीन का ये डिजिटल रूप बिल्कुल असली इंसान की तरह दिखेगा और बात करेगा। इस नए कदम का क्या फायदा क्या होगा, आइए जानते हैं।
धमाका
डिजिटल दुनिया में जैकलीन का नया धमाका
जैकलीन ने अपना AI आधारित डिजिटल अवतार लॉन्च किया है। इसके जरिए फैंस उनकी पसंदीदा किताबों की सिफारिश, देर रात के विचार और उनके निजी जीवन से जुड़े किस्से जान सकेंगे।
इस अवतार को 'कलेक्टिव आर्टिस्ट नेटवर्क' के AI स्टूडियो 'गैलेरी5' ने तैयार किया है। इसे बनाने में AI बातचीत तकनीक, वॉयस सिंथेसिस और इंटरएक्टिव टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है, ताकि यह सिर्फ उनकी शक्ल ही नहीं, बल्कि उनकी सोच और व्यक्तित्व को भी दिखा सके।
AI अवतार
जैकलीन के AI अवतार में दिखेगा उनका असली रूप
जैकलीन के AI अवतार में एक खास बुक क्लब होगा, जहां वो उन किताबों के बारे में बताएंगी, जिन्होंने उनकी सोच को प्रभावित किया है।
वो अपनी पसंद, सुझाव और किताबों की समीक्षा भी साझा करेंगी। इसके अलावा इस प्लेटफॉर्म पर उनके रात 2 बजे के विचार भी होंगे, जिनमें जीवन से जुड़े अनुभव, आत्मचिंतन और निजी किस्से शामिल रहेंगे।
ये ऐसा कंटेंट होगा, जो फैंस को उनके व्यक्तित्व का अलग और पहले से ज्यादा करीब से परिचय देगा।
बयान
अभिनेत्री ने कही ये बात
जैकलीन ने कहा कि उन्हें हमेशा ऐसी बातें साझा करना पसंद है, जो उन्हें प्रेरित करती हैं, जैसे किताबें, बातचीत, सीख और नए विचार। उन्होंने कहा कि उनका AI अवतार लोगों तक उन कहानियों और अनुभवों को पहुंचाने का नया माध्यम बनेगा, जिन्हें सोशल मीडिया पर साझा करना आसान नहीं होता।
उधर 'कलेक्टिव आर्टिस्ट नेटवर्क' का कहना है कि ये तकनीक कलाकारों की असली पहचान बनाए रखते हुए उन्हें दर्शकों से बेहतर तरीके से जोड़ने की पहल है।
सफरनामा
जैकलीन के फिल्मी सफर पर एक नजर
जैकलीन को असली पहचान 2011 की मनोवैज्ञानिक थ्रिलर फिल्म 'मर्डर 2' से मिली थी। इसके बाद उन्होंने सलमान खान के साथ एक्शन फिल्म 'किक' और 'हाउसफुल' फ्रैंचाइजी जैसी कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों में काम किया।
फिलहाल वो सिनेमाघरों में चल रही हिट कॉमेडी फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' में नजर आ रही हैं। श्रीलंका में जन्मी और मुंबई में रह रहीं जैकलीन ने भारत में अपने फिल्मी सफर की शुरुआत करने से पहले 'मिस यूनिवर्स श्रीलंका 2006' का खिताब जीता था।