बॉलीवुड में ऐसे भी हैं भाई-बहन, जिनका खून का रिश्ता नहीं लेकिन प्यार है बेशुमार
क्या है खबर?
28 अगस्त को देशभर में रक्षाबंधन का त्योहार मनाया जाएगा। यह पर्व सिर्फ सगे भाई-बहनों तक सीमित नहीं है, बल्कि कई बॉलीवुड सितारों ने भी पर्दे के बाहर भाई-बहन जैसा खास रिश्ता बनाया है। कुछ अभिनेत्रियां अपने सह-कलाकारों को राखी बांधती हैं, तो कुछ सितारे एक-दूसरे को परिवार का हिस्सा मानते हैं। ऐसे में आइए जानते हैं बॉलीवुड की उन मशहूर जोड़ियों के बारे में, जो रिश्ते में भाई-बहन नहीं, फिर भी उनका बंधन बेहद खास है।
#1 & #2
गौरी खान-साजिद खान और ऐश्वर्या राय-सोनू सूद
गौरी खान हर साल निर्देशक साजिद खान को राखी बांधती हैं। उनका यह रिश्ता साजिद की बहन फराह खान के साथ उनकी गहरी दोस्ती की वजह से बना। साजिद ने एक बार बताया था कि वे एक-दूसरे को परिवार मानते हैं।
ऐश्वर्या राय और सोनू सूद ने 'जोधा अकबर' में भाई-बहन का किरदार निभाया था। शूटिंग के दौरान दोनों के बीच असली में भी भाई बहन का रिश्ता हो गया था। ऐसे में ऐश्वर्या उन्हें हर साल राखी बांधती हैं।
#3 & #4
आलिया भट्ट-यश जौहर और कैटरीना कैफ-अर्जुन कपूर
करण जौहर बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट को अपनी बेटी मानते हैं। ऐसे में आलिया, करण के बेटे यश जौहर को हर साल राखी बांधती हैं। वो अक्खर इसकी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा करती रहती हैं।
कैटरीना कैफ अभिनेता अर्जुन कपूर को छोटे भाई की तरह मानती हैं। इंडस्ट्री में अर्जुन के शुरुआती दिनों से ही उनके बीच करीबी रिश्ता रहा है। सलमान खान ने दोनों को मिलवाया था और कैटरीना हर साल अर्जुन को राखी बांधती हैं।
जानकारी
#5 करीना कपूर-मनीष मल्होत्रा
करीना कपूर और मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के बीच केवल काम का ही नहीं, बल्कि उससे कहीं ज्यादा गहरा रिश्ता है। करीना उन्हें अपना राखी-भाई मानती हैं और उनकी बरसों पुरानी दोस्ती बॉलीवुड की सबसे मजबूत दोस्ती में से एक है।