प्रधानमंत्री मोदी की जिंदगी का सफरनामा दिखाती हैं ये फिल्में-सीरीज, OTT पर देख डालिए
क्या है खबर?
एक साधारण रेलवे स्टेशन पर चाय बेचने से लेकर दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के प्रधानसेवक बनने तक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जिंदगी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं रही है। उनके त्याग, संघर्ष, बदलावों और राजनीतिक शिखर तक पहुंचने की दास्तां को बॉलीवुड ने भी फिल्मों के जरिए जनता के सामने परोसा है। ऐसी कई फिल्में-सीरीज आई हैं, जिनमें उनके कड़े फैसलों और नेतृत्व की क्षमता को दिखाया गया है। इन फिल्मों-सीरीज को OTT पर देखा जा सकता है।
#1
'पीएम नरेंद्र मोदी'
मोदी 2014 से देश के प्रधानमंत्री पद पर कार्यरत हैं। 2019 में उनकी जिंदगी पर आधारित एक बायोपिक बनाई गई, जिसका नाम 'पीएम नरेंद्र मोदी' रखा गया।
उनके बचपन के संघर्षों से लेकर देश की सत्ता को संभालने तक का सफर इस फिल्म में दिखाया गया है।
फिल्म में उनका किरदार विवेक ओबेरॉय ने निभाया है और इसका निर्देशन ओमंग कुमार ने किया है। जरीना वहाब, और मनोज जोशी भी इसमें शामिल हैं। फिल्म MX प्लेयर पर मौजूद है।
#2 & #3
'चलो जीते हैं' और 'मोदी: ए जर्नी ऑफ कॉमन मैन'
आनंद एल राय और महावीर जैन द्वारा निर्मित 'चलो जीते हैं' एक राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता लघु फिल्म है। यह फिल्म प्रधानमंत्री मोदी के बचपन के संघर्षों और स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरित है। इसे अमेजन प्राइम वीडियो पर देखा जा सकता है।
2019 में आई 'मोदी: ए जर्नी ऑफ कॉमन मैन' एक सीरीज है, जो कांग्रेस के दौर में लगी इमरजेंसी, प्रधानमंत्री के बचपन और उनके राजनीतिक सफर को दिखाती है। यह भी प्राइम वीडियो पर है।
#4 & #5
'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' और 'अवरोध: द सीज विदिन'
विक्की कौशल की 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' ZEE5 पर मौजूद एक युद्ध-ड्रामा है, जो 2016 में कश्मीर हमले के जवाब के रूप में हुए भारतीय ऑपरेशन पर आधारित है।
इस फिल्म में प्रधानमंत्री के कैमियो को रजित कपूर द्वारा निभाया गया था।
सोनी लिव पर मौजूद 'अवरोध: द सीज विदिन' भी एक सीरीज है, जो प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में हुई नोटबंदी पर आधारित है। इसके 2 सीजन हैं और इनमें मोदी का किरदार विक्रम गोखले ने निभाया है।