सलमान खान-आमिर खान ही नहीं, ये बॉलीवुड सितारे रह चुके हैं एक-दूसरे के क्लासमेट्स
इश्क फरमाने के अलावा बॉलीवुड सितारों की दोस्ती के चर्चे भी खूब होते हैं। पर्दे पर शानदार रिश्ता रखने वाले कुछ सितारे असल जिंदगी में भी एक-दूसरे पर जान छिड़कते हैं। हमारे सामने कई सितारों ने अटूट दोस्ती की मिसाल पेश की है और कुछ तो बचपन से ही दोस्त रहे हैं। आज हम आपको फिल्मी दुनिया के ऐसे सितारों के बारे में बताएंगे, जो एक-दूसरे संग स्कूल-कॉलेज में पढ़े हैं और क्लासमेट्स रह चुके हैं।
करण जौहर-ट्विंकल खन्ना
बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक और निर्माता करण जौहर यूं को शाहरुख खान और काजोल संग अपनी दोस्ती के लिए मशहूर हैं, लेकिन वह ट्विंकल खन्ना के भी जिगरी दोस्त हैं। दोनों की दोस्ती की नींव स्कूल के दिनों में रखी गई थी। दरअसल, दोनों ने एक ही स्कूल में साथ में पढ़ाई की। जहां करण ने निर्देशन की दुनिया में नाम कमाया, वहीं ट्विंकल ने अभिनय में हाथ आजमाया। करण और ट्विंकल आज भी एक-दूसरे से अच्छा रिश्ता रखते हैं।
श्रद्धा कपूर-टाइगर श्रॉफ
टाइगर श्रॉफ अपने एक्शन के लिए मशहूर हैं। उन्होंने कई अभिनेत्रियों के साथ काम किया है, लेकिन उनकी जोड़ी को श्रद्धा कपूर के साथ बेहद पसंद किया जाता है। दोनों ना केवल बड़े पर्दे पर बल्कि निजी जिंदगी में भी दोस्ती का खास रिश्ता रखते हैं। श्रद्धा और टाइगर स्कूल से समय से एक-दूसरे को जानते हैं और क्लासमेंट्स रह चुके हैं। दोनों मुंबई के एक स्कूल में साथ पढ़ते थे और आज भी बहुत अच्छे दोस्त हैं।
सलमान खान-आमिर खान
बॉलीवुड की दुनिया के दो मशहूर सुपरस्टार सलमान खान और आमिर खान का नाम भी इस सूची में शुमार है। दोनों स्कूल में एक साथ पढ़े थे। हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक, आमिर और सलमान ने सिर्फ दूसरी कक्षा में साथ में पढ़ाई की थी। बता दें, सलमान और आमिर को फिल्म 'अंदाज अपना अपना' में साथ काम करते देखा गया था, जो दर्शकों को खूब पसंद आई थी। इसके बाद पर्दे पर साथ नहीं दिखे।
ऋतिक रोशन-उदय चोपड़ा
ऋतिक रोशन और यश चोपड़ा के छोटे बेटे उदय चोपड़ा भी एक-दूसरे के साथ पढ़ाई कर चुके हैं। दोनों बचपन से ही काफी अच्छे दोस्त रहे हैं। उन्होंने प्री-प्राइमरी की पढ़ाई साथ में की है। इतना ही नहीं वे दोनों कॉलेज में भी एक ही साथ थे। जहां ऋतिक ने अपने अभिनय से दर्शकों के दिलों पर राज किया है, वहीं उदय अपनी छाप छोड़ने में असफल रहे हैं। हालांकि, दोनों का रिश्ता आज भी कायम है।
वरुण धवन-अर्जुन कपूर
अर्जुन कपूर को रणवीर सिंह का बहुत अच्छा दोस्त माना जाता है। हालांकि, वह वरुण धवन के भी जिगरी यार हैं। अर्जुन, वरुण के साथ पढ़ाई कर चुके हैं। दोनों ने स्कूल या कॉलेज में नहीं बल्कि एक्टिंग स्कूल में साथ पढ़ाई की है। दोनों एक-दूसरे के बहुत करीबी दोस्त हैं। अर्जुन और वरुण अपने-अपने करियर पर ध्यान दे रहे हैं। दोनों ही इन दिनों एक के बाद एक फिल्में साइन कर रहे हैं।