Page Loader
विद्या बालन सहित ये बॉलीवुड अभिनेत्रियां नहीं बना पातीं खाना, खुद कर चुकीं स्वीकार   
खराब कुक हैं बॉलीवुड की ये अभिनेत्रियां

विद्या बालन सहित ये बॉलीवुड अभिनेत्रियां नहीं बना पातीं खाना, खुद कर चुकीं स्वीकार   

लेखन पलक
Jun 16, 2024
06:24 pm

क्या है खबर?

बॉलीवुड ने प्रशंसकों को एक से बढ़कर एक अभिनेत्रियां दी हैं, जो अपने अभिनय के दम पर सभी का दिल जीतने में कामयाब रही हैं। इनके अभिनय से लेकर खूबसूरती तक ने सभी को दीवाना बनाया है। ये सभी अभिनेत्रियां अदाकारी में तो सर्वश्रेष्ठ हैं, लेकिन खाना बनाने में बहुत पीछे हैं। इंडस्ट्री की कई नामी अभिनेत्रियां खुद इस बात को स्वीकार कर चुकी हैं कि वे खाना बनाना पसंद नहीं करती हैं। चलिए जानते हैं इनके बारे में।

#1

प्रियंका चोपड़ा

बॉलीवुड से निकलकर प्रियंका चोपड़ा अब हॉलीवुड में भी अपना सिक्का जमा चुकी हैं। वह अपने अभिनय के साथ ही अपनी फिटनेस के चलते भी सुर्खियों में बनी रहती हैं। हमेशा फिट रहने वाली अभिनेत्री को बेशक अलग-अलग तरह के व्यंजन खाने बहुत पसंद हों, लेकिन वह खाना बनाना नहीं जानती हैं। एक इंटरव्यू में प्रियंका ने खुलासा किया था कि वह खाना नहीं बना सकतीं, क्योंकि उन्हें कुकिंग करना पसंद नहीं है।

#2

काजोल

90 के दशक में अपने अदाकारी के दम पर नंबर बन बनने वाली अभिनेत्री काजोल भी पाक कला में जीरो हैं। अभिनेत्री को खाना बनाने में बिल्कुल भी दिलचस्पी नहीं है। रसोई में खड़े होकर कोई व्यंजन बनाने की बात तो दूर काजोल ढंग से पानी भी नहीं उबाल सकती हैं। इस बात का खुलासा उनके पति और अभिनेता अजय देवगन ने किया था। अजय ने एक इंटरव्यू में कहा था कि काजोल बहुत खराब खाना बनाती हैं।

#3

विद्या बालन

पूरे भारत को एंटरटेनमेंट..एंटरटेनमेंट..एंटरटेनमेंट का पाठ पढ़ाने वाली विद्या बालन कई फिल्मों में अपने अभिनय का जलवा बिखेर चुकी हैं। विद्या जितनी बढ़िया अभिनेत्री है उतनी ही खराब कुक भी हैं। इस बात का खुलासा उन्हाेंने खुद ही किया था। विद्या ने एक बार टाइम्स ऑफ इंडिया से कहा था, "मैं खाने की शौकीन हूं, लेकिन जब खाना पकाने की बात आती है तो मैं बिल्कुल बेकार हूं। मैं चाय या कॉफी भी ठीक से नहीं बना पाती।"

#4 और #5

परिणीति चोपड़ा और ट्विंकल खन्ना

अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा भी अपनी बहन प्रियंका की तरह खाना बनाने में जीरो हैं। अपने आपको सबसे बड़ी फूडी कहने वाली परिणीति ने खुलासा किया था कि वह मैगी के अलावा कुछ नहीं पका सकतीं। अक्षय कुमार की पत्नी और अभिनेत्री ट्विंकल खन्ना भी मान चुकी हैं कि वह एक बहुत खराब कुक हैं, वहीं दूसरी ओर अक्षय एक बेहतरीन कुक हैं, क्योंकि वह बॉलीवुड में आने से पहले शेफ थे।