बॉलीवुड के इन अभिनेताओं ने 'फ्लॉप' का डर किया दरकिनार; लीक से हटके निभाए 'जोखिम' किरदार
क्या है खबर?
सिनेमा जगत में अक्सर सितारे अपने सहज दायरे से बाहर निकलने में कतराते हैं। उन्हें लगता है कि अगर वह अपनी 'लवर बॉय' या 'एक्शन हीरो' वाली इमेज से बाहर निकले, तो शायद उनका पूरा करियर दांव पर लग जाएगा। हालांकि, बाॅलीवुड में कई ऐसे कलाकार हैं, जन्होंने दर्शकों की अपेक्षाओं से बिल्कुल अलग भूमिकाएं निभाईं और 'फ्लॉप' होने के डर को दरकिनारे कर दिया। आइए जानते हैं लीक से हटकर 'जोखिम' किरदार निभाने वाले इन अभिनेताओं के बारे में।
#1 & #2
'आमिर खान' और 'शाहिद कपूर'
आमिर खान ने अपनी अब तक की सबसे बड़ी ब्लाॅकबस्टर फिल्म 'दंगल' (2016) में पूर्व पहलवान महावीर सिंह फोगाट का किरदार निभाकर चौंका दिया था।
एक सुपरस्टार के लिए बूढ़ा दिखना और 4 बेटियों के पिता का किरदार निभाना बहुत बड़ा जाेखिम था, जिसे उन्होंने बखूबी निभाया और दर्शकों का दिल जीता।
फिल्म 'हैदर' (2014) में हैमलेट से प्रेरित किरदार निभाकर शाहिद कपूर ने बड़ा रिस्क लिया था। यह उनकी 'चॉकलेटी बॉय' वाली इमेज से बिल्कुल अलग किरदार था।
#3 & #4
'रणवीर सिंह' और 'रणबीर कपूर'
रणवीर सिंह ने हमेशा के ऊर्जावान और आकर्षक व्यक्तित्व से बाहर निकलकर 'पद्मावत' (2018) में अलाउद्दीन खिलजी का किरदार निभाया, जो एक क्रूर और निर्दयी शासक था।
इस किरदार के लिए उन्होंने अपने शारीरिक रूप में बदलाव करके गंभीर हाव-भाव को अपनाया था।
वहीं, संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म 'एनिमल' (2023) में रणबीर कपूर ने एक बेहद हिंसक और डार्क किरदार निभाकर सबको चौंका दिया। इसके लिए उन्होंने हमेशा से अपनी 'चॉकलेटी बॉय' वाली इमेज को साइड कर दिया था।
#5 & #6
'शाहरुख खान' और 'अक्षय कुमार'
कई सालों तक रोमांटिक किरदार निभाने वाले शाहरुख खान ने 'फैन' (2016) में एक बिल्कुल अलग राह अपनाई। उन्होंने सुपरस्टार आर्यन खन्ना और उनके जुनूनी युवा प्रशंसक गौरव, दोनों की भूमिका निभाई थी।
पर्दे पर एक जुनूनी किरदार निभाना उनकी सामान्य छवि से एक बड़ा बदलाव था।
अक्षय कुमार ने अपनी एक्शन, कॉमेडी और देशभक्ति वाली छवि से बाहर निकलकर फिल्म '2.0' (2018) में एक डरावने पक्षी-राक्षस और 'लक्ष्मी' (2020) में एक ट्रांसजेंडर का बेहद चुनौतीपूर्ण किरदार निभाया।