Page Loader
कार्तिक आर्यन ही नहीं, इन अभिनेताओं ने भी उम्रदराज किरदार निभा लूटी महफिल
जानिए कौन-कौन अभिनेता निभा चुके हैं उम्रदराज किरदार

कार्तिक आर्यन ही नहीं, इन अभिनेताओं ने भी उम्रदराज किरदार निभा लूटी महफिल

लेखन पलक
Jun 18, 2024
06:29 am

क्या है खबर?

इन दिनों बॉलीवुड फिल्मों में अभिनेताओं का अलग रूप देखने को मिल रहा है। जहां पहले अभिनेताओं को चॉकलेटी-बॉय अवतार में देखा जाता था, वहीं अब वे इसे छोड़कर हर तरह के किरदार निभा रहे हैं। अभिनेता अपनी सीमाओं को बढ़ाते हुए बड़ी उम्र के किरदार भी बेझिझक निभा रहे हैं। कई अभिनेता ऐसा कर चुके हैं और इनमे कार्तिक आर्यन का नाम भी जुड़ गया है। चलिए जानते हैं पर्दे पर उम्रदराज किरदार निभा चुके अभिनेताओं के बारे में।

#1   

कार्तिक  

कार्तिक ने कबीर खान निर्देशित हालिया रिलीज हुई फिल्म 'चंदू चैंपियन' में अपने ट्रांसफॉर्मेशन से सबका ध्यान आकर्षित किया है। कार्तिक को फिल्म में पहले भारतीय पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता मुरलीकांत पेटकर की भूमिका में देखा गया है। फिल्म में कार्तिक जवान मुरलीकांत के साथ ही बुर्जुग के रूप में भी दिखाई दिए हैं। दर्शकों ने उनके उम्रदराज लुक को भी उतना ही प्यार दिया है, जितना बाकी किसी भी लुक में देते हैं।

#2 और #3

सलमान खान और शाहरुख खान

फिल्म 'भारत' में सलमान खान ने एक ऐसे व्यक्ति की भूमिका निभाई थी, जो 20 से 70 साल की उम्र तक पहुंचता है। फिल्म में एक समय ऐसा आता है जब अभिनेता पर्दे पर दाढ़ी-मूछों के साथ नजर आते हैं। 'जवान' में शाहरुख खान ने एक बुजुर्ग का किरदार निभाकर सबको चौंका दिया था। अभिनेता पिता-पुत्र की दोहरी भूमिका में दिखे थे, जिसमें वे दो अलग-अलग लुक में नजर आए। उनका दाढ़ी वाले अवतार दर्शकों को खूब भाया था।

#4 और #5

रणबीर कपूर और ऋतिक रोशन

रणबीर कपूर ने अभिनेता संजय दत्त के जीवन पर बनी बायोपिक 'संजू' में अपने अभिनय से सबको हैरान कर दिया था। फिल्म में रणबीर ने संजय के जीवन के अलग-अलग चरण दिखाए थे, जिसमें से एक वक्त वह बढ़ी उम्र के नजर आए। ऋतिक रोशन अपनी मशहूर फ्रेंचाइजी 'कृष' में डबल रोल में दिखाई दिए थे। उनका एक किरदार बूढ़े हो चुके रोहित का था, जिसे उन्होंने बखूबी निभाया है। दर्शकों को उनका रूप खूब पसंद आया था।

#6 और #7

आमिर खान और मनोज बाजपेयी

बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान ने भी पर्दे पर उम्रदराज किरदार निभाया है। उन्होंने फिल्म 'दंगल' में फोगाट बहनों के पिता क किरदार निभाया है। एक बार फिल्म में वह बुजुर्ग बने दिखाई दिए थे। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर रही थी। अपने जानदार अभिनय के लिए पहचाने जाने वाले मनोज बाजपेयी ने फिल्म 'अलीगढ़' में बेमिसाल काम किया है। इस फिल्म में वह अपने ज्यादा उम्र के किरदार में दिखाई दिए हैं।