'बटवारा 1947' का टीजर देख भावुक हुए बॉबी देओल, बड़े भाई सनी पर लुटाया प्यार
क्या है खबर?
सनी देओल की आगामी फिल्म 'बटवारा 1947' का टीजर कुछ दिन पहले जारी हुआ था। भारत-पाकिस्तान विभाजन के दर्दनाक दौर पर आधारित यह फिल्म मशहूर लेखक असगर वजाहत के नाटक 'जिस लाहौर नहीं वेख्या ओ जमिया ही नहीं' से प्रेरित है। हाल ही में, बॉबी देओल ने फिल्म का टीजर अपने इंस्टाग्राम पर साझा किया और अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने एक प्यारे से पोस्ट के जरिए अपने बड़े भाई की तारीफ की है।
बधाई
बाॅबी ने सनी की तारीफों के बांधे पुल
अभिनेता ने अपने इंस्टाग्राम पर 'बटवारा 1947' का टीजर साझा करते हुए लिखा, 'आप सबसे अच्छे हैं, भैया! इस फिल्म को लेकर बहुत उत्साहित और बेसब्र हूं। आपको और पूरी टीम को खूब सारी बधाई।' फिल्म की तारीफ करते हुए उन्होंने आगे लिखा, 'टीजर शानदार लग रहा है, ये फिल्म तो वाकई जबरदस्त होने वाली है!' साथ में फायर और लाल दिल वाली इमोजी भी जोड़ी। दोनों भाइयों का प्यार देखकर फैंस भी कमेंट के जरिए प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
फिल्म
इस दिन रिलीज होगी सनी की फिल्म 'बटवारा 1947'
'बटवारा 1947' का निर्माण आमिर खान प्रोडक्शन के बैनर तले किया गया है, जबकि राजकुमार संतोषी निर्देशक हैं। इसमें सनी के साथ मुख्य किरदार में प्रीति जिंटा हैं, जो लंबे समय बाद अभिनय क्षेत्र में वापसी कर रही हैं। शबाना आज़मी, अली फजल, अभिमन्यु सिंह और करण देओल भी फिल्म का हिस्सा हैं। यह 14 अगस्त, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। बॉक्स ऑफिस पर इसकी टक्कर इमरान हाशमी की फिल्म 'आवारापन 2' के साथ होगी।