गुरु रंधावा जिम फायरिंग मामले में बड़ा खुलासा, दबोचे गए बिश्नोई गैंग के 2 गुर्गे
क्या है खबर?
गायक गुरु रंधावा से जुड़े दिल्ली के जिम के बाहर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में दिल्ली पुलिस ने एक बड़ा खुलासा किया है। इस मामले की जांच कर रही पुलिस ने सरेआम गोलीबारी करने वाले शूटरों के लिए रेकी करने के आरोप में कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 2 गुर्गों को बहादुरगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि इन दोनों ने वारदात से पहले जिम की रेकी की थी।
वारदात
गोलियां बरसते वक्त वहीं खड़े थे दोनों बदमाश
दिल्ली पुलिस ने गायक के फिटनेस जिम के बाहर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 2 सक्रिय गुर्गों, अरमान और तुषार को गिरफ्तार कर लिया है। इन दोनों बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने से पहले जिम की पूरी रेकी की थी। इतना ही नहीं, जब 11 जून को जिम के बाहर अंधाधुंध गोलियां बरसाई जा रही थीं, तब भी ये दोनों आरोपी मौके पर ही मौजूद थे और शूटरों की मदद कर रहे थे।
शिकंजा
दबोचे गए रेकी करने वाले, लेकिन कहां छिपे हैं मुख्य शूटर?
दिल्ली के पश्चिम विहार स्थित गुरु रंधावा के जिम पर 11 जून को बाइक सवार बदमाशों ने अंधाधुंध गोलियां चलाई थीं, जिसकी जिम्मेदारी बिश्नोई गैंग ने गुरु रंधावा और सलमान खान की नजदीकियों के कारण ली थी। पुलिस ने CCTV और सर्विलांस की मदद से रेकी करने वाले आरोपी अरमान और तुषार को तो दबोच लिया है, लेकिन गोलियां चलाने वाले मुख्य नकाबपोश शूटर अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
फायरिंग
सुबह-सुबह जिम पर बरसाई गई थीं ताबड़तोड़ गोलियां
पुलिस के अनुसार 11 जून, 2026 की सुबह करीब 4 बजे बाइक सवार बदमाशों ने पश्चिम विहार स्थित इस जिम के बाहर फायरिंग की थी, जिसमें 7 खाली कारतूस बरामद हुए थे। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं थी। जांच के दौरान सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अनिल पंडित उर्फ अनिल पंडित USA का एक पोस्ट सामने आया था, जिसमें इस वारदात की जिम्मेदारी ली गई थी.