मधुबाला से पहले बड़े पर्दे पर छा चुकी है इन फिल्मी सितारों की कहानी
बायोपिक बनाने का चलन भारतीय सिनेमा में बहुत पुराना है। यह लंबे समय से चला आ रहा है, जो बदस्तूर जारी है। कुछ ही दिन पहले अपने जमाने की मशहूर अदाकारा मधुबाला के जीवन पर फिल्म बनने की घोषणा हुई है। हालांकि, उनसे पहले भी कई फिल्मी सितारों का सफरनामा पर्दे पर उतारा जा चुका है, जिस पर दर्शकों ने जमकर प्यार लुटाया है। आइए आज हम आपको उन्हीं कलाकारों से मिलवाते हैं, जिनके जीवन पर फिल्म बन चुकी है।
सिल्क स्मिता
फिल्म 'डर्टी पिक्चर' 2011 में रिलीज हुई थी। यह फिल्म साउथ की मशहूर अभिनेत्री सिल्क स्मिता के जीवन पर आधारित थी, जिनकी कामयाबी की आज भी मिसाल दी जाती है। कम उम्र में स्टारडम हासिल करने से लेकर रहस्यमय हालातों में दुनिया को अलविदा कहने तक की उनकी प्रेरणादायी कहानी अभिनेत्री विद्या बालन ने इतनी शिद्दत से पर्दे पर उतारी कि यह उनके करियर की सबसे यादगार फिल्मों में शुमार हो गई। यह फिल्म डिज्नी+हॉटस्टार और नेटफ्लिक्स पर मौजूद है।
हंसा वादकर
मराठी, हिंदी फिल्म व थिएटर जगत की मशहूर अभिनेत्री हंसा वादकर के जीवन पर फिल्म 'भूमिका' बनाई जा चुकी है। फिल्म में उनकी भूमिका अभिनेत्री स्मिता पाटिल ने निभाई और समीक्षकों से भी वाहवाही लूटी। एक बिंदास और असाधारण जीवन जीने वाली हंसा ने 13 साल की उम्र में अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। इस फिल्म को 2 राष्ट्रीय पुरस्कार और 1 फिल्मफेयर पुरस्कार मिला। जियो सिनेमा और प्राइम वीडियो पर आप यह फिल्म देख सकते हैं।
संजय दत्त
बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता संजय दत्त का जीवन फिल्म 'संजू' के जरिए पर्दे पर आ चुका है। इस फिल्म का निर्देशन राजकुमार हिरानी ने किया और मुख्य भूमिका निभाई रणबीर कपूर ने। फिल्म में रणबीर ने अपने अभिनय से सबको अपना मुरीद बना दिया था। इस फिल्म में संजय की जिंदगी का हर दौर समाया हुआ है। उनके जीवन में आए उतार-चढ़ाव को फिल्म में दिखाया गया है। यह फिल्म नेटफ्लिक्स और डिज्नी+हॉटस्टार पर मौजूद है।
'सावित्री'
तेलुगु फिल्म 'महानती' अभिनेत्री सावित्री के जीवन पर आधारित थी, जिन्हें भारतीय सिनेमा की पहली महिला सुपरस्टार कहा जाता है। अभिनेत्री कीर्ति सुरेश ने सावित्री का जीवन पर्दे पर उतारा था और अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया था। फिल्म को हिंदी में भी डब किया गया। हिंदी में आप इस फिल्म को MX प्लेयर में देख सकते हैं। इसी फिल्म के जरिए मलयालम सिनेमा के मशहूर अभिनेता दुलकर सलमान ने तेलुगु फिल्मों में पदार्पण किया था।
चार्ली चैपलिन
चार्ली चैपलिन फिल्म जगत का ऐसा नाम है, जिसने संकट में भी हंसने की सीख दी। उनके जीवन में 'चैपलिन' नाम की फिल्म पर्दे पर आ चुकी है, जो 1992 में रिलीज हुई थी। इसमें हॉलीवुड स्टार रॉबर्ट डाउनी ने चैपलिन की भूमिका निभाई थी।