'बिग बॉस' सहित 2020 में इन टीवी शोज को लेकर किए गए सबसे ज्यादा ट्वीट्स
क्या है खबर?
हर साल छोटे पर्दे पर तरह-तरह के सीरियल्स शुरू किए जाते हैं। हालांकि, इनमें से कुछ ही दर्शकों के बीच इतनी जबरदस्त लोकप्रियता हासिल कर पाते हैं कि उसे लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चा हो।
अब ट्विटर ने 2020 में सबसे ज्यादा ट्वीट किए गए भारतीय टीवी शोज की लिस्ट जारी की है। जिसमें विवादित रियलिटी शो 'बिग बॉस', 'नागिन 4' और 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' अपनी जगह बनाने में कामयाब रहे।
पहला शो
सबसे ज्यादा ट्वीट किया गया 'बिग बॉस'
सलमान खान की होस्टिंग वाले शो 'बिग बॉस' के इस साल दो सीजन्स (13 और 14) पेश हुए हैं।
सीजन 13 का फिनाले इस साल फरवरी में किया गया था। जिसमें सिद्धार्थ शुक्ला, असीम रियाज और शहनाज गिल फाइनल में पहुंचे थे। इन्हें लेकर कई हफ्तों पर सोशल मीडिया पर चर्चा रही।
इसके बाद 'बिग बॉस 14' को पिछले सीजन जितना तो पसंद नहीं किया जा रहा, लेकिन कई कारणों से इस पर भी सोशल मीडिया पर चर्चा जारी है।
दूसरा शो
'नागिन 4' को लेकर भी हुई कई ट्वीट्स
दूसरा शो जिसे लेकर 2020 में सबसे ज्यादा ट्वीट किए गए वह एकता कपूर का 'नागिन 4' है। बेशक इस सीजन को दर्शकों ने खास पसंद न किया हो, लेकिन सोशल मीडिया पर इसकी खूब चर्चा रही।
जैस्मिन भसीन, निया शर्मा और विजयेंद्र कुमेरिया के अभिनय से सजे इस शो की खराब TRP के कारण मेकर्स ने लॉकडाउन में ही इसे बंद करने का फैसला कर लिया। इसके बाद हाल ही में 'नागिन 5' शुरू किया गया है।
खुशी
इन ट्वीट्स को देखकर खुश है 'नागिन' के अभिनेता
इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, शो को लेकर किए गए इन ट्वीट्स को देखते हुए अब विजयेंद्र कुमेरिया ने कहा कि यह जानना हमेश अच्छा लगता है कि लोगों ने शो को लेकर सबसे ज्यादा ट्वीट्स किए हैं।
उन्होंने 'नागिन' को एक ब्रांड बताते हुए कहा कि वह बहुत भाग्यशाली महसूस करते हैं कि दर्शकों ने उनके सीजन को इतना प्यार दिया।
उन्होंने कहा, "जब शो प्रसारित हुआ था तब इसने और इसके कलाकारों ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं।"
तीसरा शो
'ये रिश्ता क्या कहलाता है' को भी मिली लिस्ट में जगह
लंबे वक्त से चले आ रहे शो 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' को लेकर भी इस साल सबसे ज्यादा ट्वीट्स हुए हैं। यह ऐसा शो है जिसे हर वर्ग के दर्शकों ने पसंद किया है।
लॉकडाउन के बाद फैंस ने इसकी वापसी पर ट्विटर के जरिए भव्य स्वागत किया था।
इसके अलावा शो के लीड कैरेक्टर कार्तिक और नायरा के लिए अक्सर फैंस #Kaira हैशटैग का इस्तेमाल करते हुए कई ट्विट्स करते हैं।
यह शो 2009 में शुरू हुआ था।
जानकारी
इस आधार पर आए नतीजे
मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो यह नतीजे 1 जनवरी से 15 नवंबर, 2020 तक जमा हुए आंकड़ों के आधार पर हैं। इसमें ट्वीट्स, रीट्वीट, लाइक्स को शामिल कर ट्वीटर अकाउंट द्वारा जारी किया गया है।