'पंचायत' के 'दामाद जी' से 'बिग बॉस 20' तक, जानें कौन हैं आसिफ खान
क्या है खबर?
सलमान खान के रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' में 'पंचायत' के नाराज रहने वाले 'दामाद जी' यानी आसिफ खान ने बतौर प्रतियोगी हिस्सा लिया है। आसिफ ने अपने करियर में कई ऐसे सपोर्टिंग किरदार निभाए हैं, जो पर्दे पर अपनी अलग पहचान बनाने में कामयाब रहे हैं। ऐसे में आइए जानते हैं आसिफ कौन हैं और उनका अब तक का सफर कैसा रहा है।
परिचय
आसिफ कौन हैं?
आसिफ राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के निम्बाहेड़ा शहर के रहने वाले हैं। उनके पिता अय्यूब जेके सीमेंट में नौकरी करते थे और परिवार का मनोरंजन जगत से कोई संबंध नहीं था।
स्कूल के दिनों में एक नाटक में हिस्सा लेने के बाद अभिनय में उनकी रुचि बढ़ी। 2008 में पिता के निधन के बाद घर की जिम्मेदारियों के कारण उनका सपना थोड़ा टल गया। स्क्रीन पर आने से पहले उन्होंने करीब 5 साल थिएटर में काम किया।
संघर्ष
मुंबई आकर आसिफ ने की थी वेटर की नौकरी
मुंबई आने के बाद आसिफ की शुरुआती जिंदगी काफी संघर्षों से भरी रही। अभिनय को अपना करियर बनाने से पहले उन्होंने अपना गुजारा चलाने के लिए कई तरह के काम किए।
इनमें वेटर की नौकरी भी शामिल थी। बाद में उन्हें कास्टिंग के क्षेत्र में काम करने का अवसर मिला। इस दौरान वह धीरे-धीरे उस फिल्म इंडस्ट्री के करीब पहुंचते गए, जिसका हिस्सा बनने का सपना उन्होंने लंबे समय से देखा था।
करियर
आसिफ ने ऐसे की थी अभिनय की शुरुआत
आसिफ ने अपने अभिनय की शुरुआत छोटे-मोटे किरदारों से की और धीरे-धीरे उन्हें बड़े प्रोजेक्ट्स मिलने लगे। उनके करियर को असली पहचान 'मिर्जापुर' से मिली।
इस भूमिका ने उन्हें क्राइम सीरीज के दर्शकों के बीच लोकप्रिय बना दिया। इसके बाद वह 'पाताल लोक' और 'जामताड़ा' जैसे शोज में नजर आए।
हालांकि, 'पंचायत' ने उन्हें ऐसा किरदार दिया, जिससे उनकी अलग पहचान बन गई और दर्शक उन्हें आसानी से पहचानने लगे।