मुंबई की 'जहरीली' हवा पर फूटा भूमि पेडनेकर का गुस्सा, बोलीं- ये दिल तोड़ने वाला
क्या है खबर?
भूमि पेडनेकर ने दिवाली के बाद मुंबई में हवा की खराब गुणवत्ता पर अपनी चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि शहर में AQI स्तर बहुत खराब हो चुका है। देर रात तक पटाखों की आवाज सुनाई देती रही, जबकि इसकी इजाजत नहीं थी। उनके मुताबिक, यह दिल तोड़ने वाला है। बता दें कि शहर के 25 एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशनों में से 9 ने सोमवार सुबह खराब हवाई गुणवत्ता दर्ज की, जिसमें मुंबई का AQI स्तर 171 था।
नाराजगी
सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भड़कीं भूमि
भूमि ने अपनी इंस्टाग्राम में पटाखे जलाने वालों पर नाराजगी जताई।
उन्होंने लिखा, 'घरों में आग लग गई है, AQI खतरनाक है, सड़कें कचरे से भरी हैं, सुबह के 3 बज रहे हैं और मुझे सिर्फ तेज पटखों की आवाज सुनाई दे रही है। हमारी सड़कें लोगों से भरी थीं जो उन पर पटाखे फोड़ रहे थे, खुले में, तब भी जब इसकी इजाजत नहीं थी। यह दिल तोड़ने वाला है।' साथ में BMC और मुंबई पुलिस को टैग किया।
चिंता
भूमि ने बच्चों, जानवरों और बुजुर्गों के लिए चिंता जताई
अभिनेत्री ने लिखा, 'दिवाली रोशनी, प्यार, परिवार और नई शुरुआत का त्योहार है। लेकिन हर साल, जश्न के साथ, एक जाना-पहचाना नतीजा भी आता है। प्रदूषित हवा, पटाखों का कचरा, शोर और डरे हुए जानवर। पटाखों से बारीक कण और दूसरे प्रदूषक निकलते हैं जो पहले से ही मुश्किल एयर-क्वालिटी की स्थिति को और खराब कर देते हैं।'
उन्होंने बच्चे, बूढ़े, सांस की बीमारी से जूझ रहे लोगों और जानवरों के प्रति अपनी चिंता जाहिर की।