Page Loader
भूमि ने किया अपनी नई फिल्म 'थैंक यू फॉर कमिंग' का ऐलान, शहनाज भी दिखेंगी साथ
भूमि पेडनेकर ने किया अपनी अगली फिल्म का ऐलान, शहनाज गिल भी नजर आएंगी साथ (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@bhumipednekar)

भूमि ने किया अपनी नई फिल्म 'थैंक यू फॉर कमिंग' का ऐलान, शहनाज भी दिखेंगी साथ

Aug 10, 2023
01:19 pm

क्या है खबर?

भूमि पेडनेकर को आखिरी बार फिल्म 'अफवाह' में देखा गया था। हालांकि, उनकी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फेल हुई। बहरहाल, आने वाले दिनों में भूमि कई बड़ी फिल्मों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगी और अब उनकी नई फिल्म 'थैंक यू फॉर कमिंग' का ऐलान हो गया है। भूमि ने फिल्म का पहला पोस्टर अपने प्रशंसकों के साथ साझा कर इसकी घोषणा की है। फिल्म में उनके साथ शहनाज गिल समेत कई कलाकार नजर आने वाले हैं।

ऐलान

भूमि ने साझा किया पोस्टर

भूमि ने जो पोस्टर साझा किया है, उसमें एक लड़की अपनी टी-शर्ट उतारते हुए कैमरे को अपनी पीठ दिखाते हुए पोज देती दिख रही है। सोशल मीडिया पर फिल्म का पोस्टर वायरल हो रहा है। भूमि ने लिखा, 'युवाओं को आकर्षित करने के लिए ला रहे हैं 'थैंक यू फॉर कमिंग'। इससे जुड़ीं जानकारियां पाने के लिए हमारे साथ जुड़े रहें।' फिल्म का निर्देशन रिया कपूर के पति करण बूलानी कर रहे हैं। यह बतौर निर्देशक उनकी पहली फिल्म है।

इंस्टाग्राम पोस्ट

यहां देखिए पोस्टर

स्टारकास्ट

फिल्म में नजर आएंगे ये कलाकार

भूमि ने अपने पोस्ट के जरिए यह भी साफ कर दिया है कि उनके साथ इस फिल्म में शहनाज और अनिल कपूर भी नजर आने वाले हैं, वहीं अभिनेता करण कुंद्रा भी लंबे समय बाद इस फिल्म के जरिए बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं। फिल्म में कॉमेडियन कुशा कपिला भी नजर आएंगी। उन्होंने भूमि के पोस्ट पर लिखा, 'चलो कलेश शुरू करते हैं।' रिया और एकता कपूर ने मिलकर इस फिल्म के प्रोडक्शन का काम संभाला है।

आगामी फिल्में

भूमि की ये फिल्में भी हैं कतार में

भूमि जल्द ही फिल्म 'भक्षक' में नजर आएंगी। यह सच्ची घटनाओं पर आधारित होगी। इसमें भूमि एक पत्रकार की भूमिका में दिखेंगी। यह महिलाओं पर होने वाले अत्याचार को दिखाती है। फिल्म 'द लेडी किलर' में भूमि की जोड़ी अभिनेता अर्जुन कपूर के साथ बनी है। भूमि के खाते से एक और फिल्म जुड़ी है, जिसमें उन्हें अर्जुन और अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह का साथ मिला है। मुदस्सर अजीज के निर्देशन में बन रही यह फिल्म कॉमेडी से लबरेज होगी।

शुरुआत

भूमि ने इस फिल्म से रखा था अभिनय जगत में कदम

भूमि ने 2015 में फिल्म 'दम लगाके हईशा' से अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। इस फिल्म में उन्होंने एक अधिक वजन वाली दुल्हन का किरदार निभाया था और इसके लिए उन्हें फिल्मफेयर पुरस्कार भी मिला था। इसके बाद 'टॉयलेट एक प्रेम कथा' और 'शुभ मंगल सावधान' और 'बधाई दो' जैसी कई फिल्मों में भी भूमि के काम को खूब सराहा गया। इससे पहले उन्होंने 6 साल तक यशराज फिल्म्स में बतौर असिस्टेंट कास्टिंग डायरेक्टर काम किया था।