LOADING...
भाग्यश्री की एक 'ना' और रातों-रात बदल गया सलमान खान की फिल्म का वो मशहूर सीन
भाग्यश्री की एक 'ना' ने बदल दिया इस फिल्म का सीन

भाग्यश्री की एक 'ना' और रातों-रात बदल गया सलमान खान की फिल्म का वो मशहूर सीन

May 21, 2026
07:07 pm

क्या है खबर?

सलमान खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'मैंने प्यार किया' का वो दौर तो आपको याद ही होगा, जिसने भाग्यश्री को रातों-रात हर दिल की धड़कन बना दिया था। इस फिल्म में उनकी सादगी और कपड़ों को बेहद पसंद किया गया, लेकिन क्या आप जानते हैं कि शूटिंग के दौरान सेट पर एक ऐसा वक्त भी आया था, जब भाग्यश्री एक खास ड्रेस को लेकर अपनी जिद पर अड़ गइ थी। हाल ही में उन्होंने खुद इस राज से पर्दा हटाया।

किस्सा

'मेरे रंग में रंगने वाली' गाने से जुड़ा है किस्सा

सलमान-भाग्यश्री अभिनीत फिल्म 'मैंने प्यार किया' का वो मशहूर गाना 'मेरे रंग में रंगने वाली...' तो आपको याद ही होगा? इसके बीच में एक बहुत खास सीन आता है, जहां प्रेम (सलमान), सुमन (भाग्यश्री) को एक बेहद छोटी ड्रेस देता है। फिल्म में सुमन का किरदार बहुत सीधा और संस्कारी था, फिर भी सुमन वो ड्रेस पहनती है, लेकिन निर्देशक सूरज बड़जात्या ने उसे स्क्रीन पर नहीं दिखाया। वो ड्रेस सिर्फ फिल्म के हीरो सलमान को ही दिखाई देती है।

जिद

फिल्म के सेट पर जब अड़ गईं भाग्यश्री

भाग्यश्री से पूछा गया कि निर्देशक ने बिना कोई बोल्डनेस दिखाए इतनी खूबसूरती और संवेदनशीलता के साथ उस सीन को कैसे शूट कर लिया तो वो बोलीं, "आपको पता है ऐसा क्यों हुआ, क्योंकि मैंने वो बिना कंधे वाली शॉर्ट ड्रेस पहनने से साफ मना कर दिया था। मैंने कहा था कि मैं इसमें सहज नहीं हूं। इसके बाद निर्माताओं ने सीन बदल दिया और ऐसा दिखाया कि वो ड्रेस सिर्फ सलमान का किरदार ही देख पाता है, दर्शक नहीं।"

Advertisement

दो टूक

"मैंने सीधे कह दिया था, मैं ये ड्रेस नहीं पहनूंगी"

भाग्यश्री बोलीं, "सूरज जी चाहते थे कि सुमन वो खास ड्रेस पहने। उनके मुताबिक ये सीन प्रेम और सुमन के रिश्ते को बहुत गहरा दिखाने वाला था, क्योंकि सुमन प्रेम पर इतना भरोसा करती है कि उसके कहने पर वो वैसी ड्रेस पहनने को तैयार हो जाती है, लेकिन मैंने सीधे कह दिया, मैं इसे नहीं पहनूंगी। मैंने निर्माताओं को पहले ही साफ-साफ कह दिया था कि ये कुछ ऐसी चीजें हैं, जो मैं पर्दे पर बिल्कुल नहीं करना चाहती।"

Advertisement

शोहरत

पहली ही फिल्म से स्टार बन गई थीं भाग्यश्री

बता दें कि अपनी पहली ही फिल्म से भाग्यश्री बॉलीवुड में उस मुकाम पर पहुंच गई थीं, जहां पहुंचने का सपना हर बड़ी एक्ट्रेस देखती थी। निर्माता उनके घर के बाहर फिल्मों की लाइन लगाए खड़े थे, लेकिन तभी भाग्यश्री ने अचानक चकाचौंध की इस दुनिया से दूरी बना ली। फिल्म की रिलीज के तुरंत बाद ही उन्होंने अपने बचपन के प्यार हिमालय दसानी से शादी कर ली। शादी के बाद उन्होंने अपने परिवार को समय देने का फैसला किया।

Advertisement