आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर को धमकी देने के आरोप में IT इंजीनियर गिरफ्तार
क्या है खबर?
आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर को धमकी देने के मामले में एक गिरफ्तारी हुई है। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने बेंगलुरु के एक 30 साल के IT इंजीनियर को गिरफ्तार किया है, जिस पर कई अभिनेताओं को धमकी और जबरन वसूली वाला मैसेज भेजने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने हाल ही में लॉरेंस बिश्नोई गैंग द्वारा बॉलीवुड सितारों को धमकाने और गोलीबारी की घटनाओं का फायदा उठाकर जल्दी पैसा कमाने का सोचा था।
जांच
आरोपी को पुलिस कस्टडी में लिया गया
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, मुंबई पुलिस ने बताया कि पकड़े गए व्यक्ति की पहचान वैभव मिश्रा (30) के तौर पर हुई है। वह बेंगलुरु में IT इंजीनियर के तौर पर काम करता था।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, "अभिनेताओं के बताने के बाद, हमने धमकी भेजने वाले को उसकी ऑनलाइन प्रोफाइल से ट्रेस करना शुरू किया और टेक्निकल डिटेल्स का इस्तेमाल करके, हम उस तक पहुंचने में कामयाब रहे। हमने अभी उसे कस्टडी में लिया है।"
आरोप
इंस्टाग्राम पर मैसेज भेजकर धमकाने का आरोप
अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने आयुष्मान और कई दूसरे अभिनेताओं को इंस्टाग्राम पर मैसेज भेजे थे। उसने तुषार को धमकी देते हुए एक ऑडियो क्लिप भेजी थी और 5 करोड़ रुपये मांगे थे।
डिप्टी कमिश्नर ऑफ़ पुलिस (क्राइम ब्रांच) राजतिलक रौशन ने वैभव की गिरफ्तारी की पुष्टि की और बताया कि उसे बेंगलुरु की एक लोकल कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद मुंबई लाया जाएगा।
पुलिस उसके बिश्नोई गैंग से जुड़े होने की संभावना भी तलाश रही है।