कोलकाता भगदड़ हादसे से टूटे बंगाली सितारे, प्रोसेनजीत चटर्जी ने लिखा- इस दर्द को स्वीकारना मुश्किल
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार को अचानक भगदड़ मच गई। इस दर्दनाक हादसे में 2 बच्चों समेत 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस भयावह दुर्घटना से पूरी बंगाली फिल्म इंडस्ट्री शोक में डूब गई है। प्रोसेनजीत चटर्जी समेत कई मशहूर बंगाली कलाकारों ने गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
दर्द
सपने में भी नहीं सोचा था ऐसा होगा- प्रोसनजीत
अभिनेता प्रोसेनजीत चटर्जी ने लिखा, 'मैं चोरबागान की इस दर्दनाक घटना को स्वीकार ही नहीं कर पा रहा हूं। मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि त्योहार का ये पावन और खुशी का माहौल ऐसे गहरे मातम में बदल जाएगा। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं और मैं घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।'
उधर घटना से बेहद आहत अभिनेत्री सुभाश्री गांगुली ने भी गहरा दुख जताया।
संवेदनाएं
मां दुर्गा अपने सभी भक्तों की रक्षा करें- देव
मशहूर अभिनेता दीपक अधिकारी उर्फ देव ने भावुक पोस्ट में लिखा, 'चोरबागन दुर्गा पूजा पंडाल में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना बेहद दुखद और दिल तोड़ने वाली है। एक ऐसा त्योहार, जो लाखों लोगों को खुशी, भक्ति और उत्सव के लिए एक साथ लाता है, वह कभी भी किसी हादसे या त्रासदी का कारण नहीं बनना चाहिए। इस दुखद घटना में जिन्होंने अपनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।'
जानकारी
कैसे मची भगदड़?
17 अक्टूबर की शाम को पंडाल के प्रवेश द्वार पर भगदड़ मच गई थी। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और बारिश को हादसे का करण बताया जा रहा है। पुलिस ने आयोजन समेत सुरक्षा और पंडाल समिति से जुड़े 7 सदस्यों को गिरफ्तार किया है।