'ईथा' में श्रद्धा कपूर ही नहीं, इन अभिनेत्रियों ने भी बायोपिक में निभाए चौंकाने वाले किरदार
क्या है खबर?
श्रद्धा कपूर की फिल्म 'ईथा' का टीजर आधिकारिक तौर पर जारी हो गया है। मैडॉक फिल्म्स द्वारा निर्मित और लक्ष्मण उतेकर द्वारा निर्देशित, यह महाराष्ट्र की मशहूर लावणी डांसर विठाबाई नारायणगांवकर की जिंदगी पर आधारित बायोपिक है। फिल्म में पहली बार अभिनेत्री का बिल्कुल अलग और दमदार अवतार दिखा है। लोग तारीफ करते नहीं थक रहे। वैसे, श्रद्धा से पहले भी कई अभिनेत्रियां रही हैं, जिन्होंने ग्लैमर छोड़ पर्दे पर 'रियल लाइफ' किरदारों से चौंकाया। आइए डालते हैं एक नजर।
#1
'आलिया भट्ट'
संजय लीला भंसाली की फिल्म 'गंगूबाई काठियावाड़ी' में आलिया भट्ट ने अपने किरदार से चौंका दिया था। फिल्म में उन्होंने मुंबई की 'माफिया क्वीन' गंगूबाई का किरदार निभाया था, जिसे उनके करियर का सबसे बेहतरीन और साहसिक प्रदर्शन माना जाता है। यह फिल्म लेखक एस. हुसैन जैदी की किताब 'माफिया क्वींस ऑफ मुंबई' के एक चैप्टर पर आधारित है। इसमें आलिया के 'गंगा' से कमाठीपुरा इलाके की 'माफिया क्वीन' और सामाजिक कार्यकर्ता बनने तक के सफर को दिखाया गया है।
#2
'भूमि पेडनेकर' और 'तापसी पन्नू'
साल 2019 में भूमि पेडनेकर और तापसी पन्नू की फिल्म 'सांड की आंख' रिलीज हुई थी। तुषार हीरानंदानी द्वारा निर्देशित यह फिल्म प्रसिद्ध महिला शार्पशूटरों 'चंद्रो तोमर' और 'प्रकाशी तोमर' की असल जिंदगी और उनके संघर्षों पर आधारित है। खास बात यह है कि फिल्म में भूमि और तापसी, दोनों ने 60 साल से ज्यादा उम्र का चुनौतीपूर्ण किरदार निभाया था। उनके किरदारों और लुक ने दर्शकों को न सिर्फ हैरान किया, बल्कि खूब तारीफ भी हासिल की थी।
#3 & #4
'विद्या बालन' और 'कंगना रनौत'
2011 में रिलीज हुई 'द डर्टी पिक्चर' में विद्या बालन ने अपने किरदार से लोगों को हैरान कर दिया था। यह फिल्म दक्षिण सिनेमा की प्रसिद्ध और एडल्ट फिल्म स्टार सिल्क स्मिता की असल जिंदगी और उनके संघर्षों से प्रेरित है, जिसमें उन्होंने मुख्य किरदार निभाया। फिल्म बेहद सफल साबित हुई थी। इस मामले में कंगना रनौत भी पीछे नहीं हैं। उन्होंने तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे जयललिता का किरदार पर्दे पर निभाया और लोगों से खूब तारीफें बटोरी थीं।