राजकुमार राव की 'प्रहार' से पहले, इन फिल्माें में दिखा 26/11 मुंबई हमले का खौफनाक मंजर
क्या है खबर?
राजकुमार राव इस वक्त अपनी आगामी फिल्म 'प्रहार: द उज्जवल निकम स्टोरी' को लेकर चर्चा में हैं। यह एक बायोग्राफिकल कोर्टरूम क्राइम-ड्रामा है, जो 2008 में हुए मुंबई आतंकी हमले के आरोपी अजमल कसाब को फांसी के फंदे तक पहुंचाने वाले भारतीय वकील उज्जवल निकम के असल संघर्ष पर आधारित है। यह फिल्म 16 अक्टूबर, 2026 को सिनेमाघरों में आएगी। इससे पहले उन फिल्मों के बारे में जानिए, जिन्होंने 26/11 आतंकी हमले के खौफनाक मंजर को दिखाया है।
#1 & #2
'द अटैक्स ऑफ 26/11' व 'होटल मुंबई'
राम गोपाल वर्मा के निर्देशन में बनी 'द अटैक्स ऑफ 26/11' पूरी तरह से मुंबई आतंकी हमले के घटनाक्रम और कसाब की गिरफ्तारी के इर्द-गिर्द घूमती है। यह फिल्म रोमेल रोड्रिग्स की पुस्तक 'कसाब: द फेस ऑफ 26/11' पर आधारित है। इसे जियोहॉटस्टार या MX प्लेयर पर देखा जा सकता है।
'होटल मुंबई' एक हॉलीवुड-बॉलीवुड सहयोगात्मक फिल्म है, जिसकी कहानी आतंकी हमले और रेस्क्यू पर आधारित है। ZEE5 पर मौजूद इस फिल्म में देव पटेल और अनुपम खेर हैं।
#3 & #4
'फैंटम' और 'भारत भाग्य विधाता'
सैफ अली खान और कैटरीन कैफ अभिनीत 'फैंटम' वैसे तो एक काल्पनिक फिल्म है, लेकिन इसकी कहानी 26/11 के बाद के घटनाक्रम से शुरू होती है। इसमें हमले के जिम्मेदार माने जाने वाले मास्टरमाइंड को निशाना बनाने की कहानी दिखाई गई है। फिल्म जियोहॉटस्टार पर है।
26/11 हमले के दौरान मुंबई के कामा और अल्बलेस अस्पताल में घटी घटनाओं को कंगना रनौत की फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' दिखाती है। ZEE5 पर मौजूद इस फिल्म में अभिनेत्री एक नर्स बनी हैं।
#5 & #6
'मेजर' और 'धुरंधर'
अदिवि शेष अभिनीत 'मेजर' 26/11 हमलों में शहीद हुए NSG कमांडो मेजर संदीप उन्नीकृष्णन के जीवन और उनकी वीरता पर आधारित एक बायोपिक है। फिल्म को तेलुगु, हिंदी और मलयालम में रिलीज किया गया था। इसे नेटफ्लिक्स पर देखा जा सकता है।
रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' भी 26/11 आतंकी हमले को पर्दे पर दिखाती है। जिस वक्त यह हमला हुआ था, उस वक्त की असल रिकॉर्डिंग को भी फिल्म में दिखाया गया है। यह भी नेटफ्लिक्स पर मौजूद है।