Page Loader
'मेरी क्रिसमस' से पहले जानिए निर्देशक श्रीराम राघवन की पिछली फिल्मों का बॉक्स ऑफिस पर हाल     
'मैरी क्रिसमस' से पहले श्रीराम राघवन लेकर आ चुके हैं ये फिल्में

'मेरी क्रिसमस' से पहले जानिए निर्देशक श्रीराम राघवन की पिछली फिल्मों का बॉक्स ऑफिस पर हाल     

लेखन पलक
Jan 11, 2024
11:12 am

क्या है खबर?

सिनेमा में अपनी महारत के लिए प्रसिद्ध भारतीय फिल्म निर्देशक और पटकथा लेखक श्रीराम राघवन फिल्म 'मेरी क्रिसमस' लेकर आ रहे हैं। उनकी इस फिल्म में कैटरीना कैफ और विजय सेतुपति की जोड़ी नजर आएगी, जो दर्शकों को उत्साहित कर रही है। ट्रेलर देखने के बाद दर्शक राघवन द्वारा बुने गए रहस्य को जानने के लिए उत्सुक हो गए हैं। इससे पहले चलिए जानते हैं कि राघवन की पिछली फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर कैसा प्रदर्शन किया।

एक हसीना थी

'एक हसीना थी'

राघवन ने 'एक हसीना थी' से निर्देशन की दुनिया में शुरुआत की थी। इसमें सैफ अली खान और उर्मिला मातोंडकर थे। फिल्म ऐसी महिला की कहानी है, जो एक व्यवसायी से प्यार करती है। उनका रोमांस एक अजीब मोड़ लेता है और वह जेल पहुंच जाती है। इसके बाद वह बाहर आकर उससे बदला लेती है। 4 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म ने 10 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। 'एक हसीना थी' अमेजन प्राइम वीडियो पर है।

#2

'जॉनी गद्दार'

नील नितिन मुकेश की पहली फिल्म 'जॉनी गद्दार' का निर्देशन भी राघवन ने ही किया है। फिल्म एक क्लब चलाने वाले 5 व्यक्तियों की कहानी है। हालांकि, विक्रम (नील) पुलिस से मिल जाता है और अपने ही लोगों को धोखा देता है। लगभग 7 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने कुल 5 करोड़ रुपये कमाए थे। यह बुरी तरह से फ्लॉप हुई थी। 'जॉनी गद्दार' अमेजन प्राइम वीडियाे और डिज्नी+हॉटस्टार पर देखी जा सकती है।

#3

'एजेंट विनोद'

राघवन और सैफ की जोड़ी फिर एक बार लौटी थी। 2012 में दोनों स्पाई थ्रिलर फिल्म 'एजेंट विनोद' लेकर आए थे। फिल्म में सैफ के साथ करीना कपूर थीं। यह 'एजेंट विनोद' की कहानी है, जो अपने सहकर्मी की मौत के पीछे की सच्चाई का पता लगाने के लिए एक गुप्त मिशन पर जाता है। फिल्म का बजट 60 करोड़ रुपये था और इसने 73 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। 'एजेंट विनोद' जियो सिनेमा पर मौजूद है।

#4

'बदलापुर'

राघवन के निर्देशन में बनी 'बदलापुर' एक्शन थ्रिलर फिल्म है। फिल्म की कहानी वरुण धवन (रघु) के जीवन को दर्शाती है, जो 2 बैंक लुटेरों के हाथों अपने परिवार को खोने के बाद बदला लेने की राह पर निकलता है। फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी, हुमा कुरैशी, राधिका आप्टे जैसे कलाकार हैं। 15 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 50 करोड़ रुपये कमाए थे। 'बदलापुर', जियो सिनेमा और ZEE5 पर देखी जा सकती है।

#5

'अंधाधुन'

'बदलापुर' हिट होने के 2 साल बाद राघवन 'अंधाधुन' लेकर लौटे, जिसमें तब्बू और आयुष्मान खुराना मुख्य भूमिकाओं में थे। यह एक लड़के की कहानी है, जो अंधे होने का नाटक करता है। वह अनजाने में एक अपराध में फंस जाता है। 32 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में 456 करोड़ रुपये कमाए थे। इसकी सफलता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इसने 3 राष्ट्रीय पुरस्कार जीते। 'अंधाधुन' यूट्यूब पर है।