पुलिस एनकाउंटर पर बनी इन फिल्मों ने मचाया तहलका, 'दायरा' से पहले जरूर देखें
क्या है खबर?
करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन की फिल्म 'दायरा' 18 सितंबर को रिलीज होने वाली है। सच्ची घटनाओं पर आधारित इस क्राइम थ्रिलर फिल्म को राष्ट्रीय पुरस्कार जीतने वाली मेघना गुलजार ने लिखा और निर्देशित किया है। इस फिल्म की कहानी एनकाउंटर के इर्द-गिर्द घूमती है। ऐसे में इस फिल्म की रिलीज से पहले आइए उन दूसरी फिल्मों पर भी नजर डालते हैं, जिनमें पुलिस एनकाउंटर के काले सच को दिखाया गया है।
#1 & #2
'अब तक छप्पन' और 'बाटला हाउस'
साल 2004 में आई 'अब तक छप्पन' फिल्म में नाना पाटेकर ने एनकाउंटर स्पेशलिस्ट साधु अगाशे का किरदार निभाया था। उनका किरदार मुंबई पुलिस ऑफिसर दया नायक से प्रेरित था, जो शहर के अंडरवर्ल्ड से निपटने के अपने सख्त तरीकों के लिए जाने जाते थे।
जॉन अब्राहम की फिल्म 'बाटला हाउस' दिल्ली में 2008 में हुए विवादित एनकाउंटर पर आधारित थी। यह फिल्म सिर्फ एनकाउंटर पर ही नहीं, बल्कि उसके बाद हुई घटनाओं को भी दिखाती है।
#3 & #4
'शूटआउट एट लोखंडवाला' और 'एनकाउंटर: द किलिंग'
संजय दत्त की फिल्म 'शूटआउट एट लोखंडवाला' 1991 के कुख्यात लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स शूटआउट की कहानी पर आधारित है, जिसमें मुंबई पुलिस ने गैंगस्टर माया डोलस और उसके साथियों के खिलाफ ऑपरेशन चलाया और जांच पड़ताल की थी।
नसीरुद्दीन शाह की फिल्म 'एनकाउंटर: द किलिंग' में उन्होंने सीनियर इंस्पेक्टर सैम भरूचा का किरदार निभाया, जो एक पुलिस अफसर है और पीछा करते समय गलती से एक युवा गैंगस्टर की जान ले लेते हैं।
जानकारी
#5 'शूटआउट एट वडाला'
'शूटआउट एट वडाला' में गैंगस्टर मान्या सुर्वे की जिंदगी और मौत को दिखाया गया। इसमें उस पुलिस ऑपरेशन को भी दिखाया गया, जिसमें मान्या को मारा गया था। इसमें उसका पीछा करते हुए और आखिरकार एक एनकाउंटर में उसे गोली मारते हुए दिखाया गया था।