पृथ्वीराज सुकुमारन की हिंदी फिल्मों का कैसा रहा हाल? अब करीना कपूर संग 'दायरा' से आस
क्या है खबर?
साउथ के जाने-माने अभिनेता और निर्माता पृथ्वीराज सुकुमारन इन दिनों अपनी आगामी हिंदी फिल्म 'दायरा' को लेकर चर्चा में हैं। मेघना गुलजार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में पहली बार उन्हें करीना कपूर के साथ काम करने का मौका मिला है। पृथ्वीराज इससे पहले भी कई हिंदी फिल्मों में नजर आ चुके हैं। 'दायरा' से पहले आई उनकी हिंदी फिल्मों का प्रदर्शन कैसा रहा, आइए एक नजर डालते हैं।
#1
'अय्या'
पृथ्वीराज सुकुमारन ने साल 2012 में 'अय्या' से बॉलीवुड में कदम रखा था। इस रोमांटिक कॉमेडी फिल्म में उनके साथ रानी मुखर्जी मुख्य भूमिका में थीं।
फिल्म की कहानी एक ऐसी लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक रहस्यमयी कलाकार की ओर आकर्षित हो जाती है।
पृथ्वीराज ने फिल्म में तमिल कलाकार सूर्या का किरदार निभाया था। हालांकि, फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाब नहीं रही और बॉक्स ऑफिस पर इसका प्रदर्शन कमजोर रहा।
#2
'औरंगजेब'
साल 2013 में आई फिल्म औरंगजेब में पृथ्वीराज ने अर्जुन कपूर, ऋषि कपूर और जैकी श्रॉफ के साथ काम किया था।
अतुल सभरवाल के निर्देशन में बनी ये एक्शन-क्राइम ड्रामा फिल्म 17 मई, 2013 को रिलीज हुई थी।
फिल्म ने भारत में करीब 22.35 करोड़ रुपये कमाए, जबकि इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन करीब 35.41 करोड़ रुपये रहा। 22 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप घोषित किया गया था।
#3
'नाम शबाना'
शिवम नायर के निर्देशन में बनी इस स्पाई थ्रिलर फिल्म में तापसी पन्नू मुख्य भूमिका में थीं, जबकि पृथ्वीराज सुकुमारन ने अहम किरदार निभाया था।
फिल्म 31 मार्च, 2017 को रिलीज हुई थी। फिल्म दर्शकों के साथ-साथ समीक्षकों को भी खूब पसंद आई थी।
फिल्म ने भारत में लगभग 36 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि इसका बजट 25 करोड़ रुपये था। फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर प्रदर्शन औसत से अच्छा रहा था।
#4 और #5
'बड़े मियां छोटे मियां' और 'सरजमीन'
अली अब्बास जफर के निर्देशन में बनी फिल्म 'बड़े मियां छोटे मियां' में पृथ्वीराज सुकुमारन ने विलेन कबीर उर्फ मिस्टर एक्स का किरदार निभाया था। करीब 350 करोड़ रुपये के बजट में बनी ये फिल्म दुनियाभर में लगभग 102 करोड़ ही कमा सकी और बॉक्स ऑफिस पर ढेर हो गई।
दूसरी ओर पृथ्वीराज की आखिरी हिंदी फिल्म 'सरजमीन' (2025) थी, जिसमें उनके साथ काजोल और इब्राहिम अली खान थे। जियो हॉटस्टार पर आई इस फिल्म को मिली-जुली प्रतिक्रियाएं मिली थीं।