'भूत बंगला' से पहले अक्षय कुमार-राजपाल यादव की जोड़ी इन फिल्मों में मचा चुकी धमाल
क्या है खबर?
अक्षय कुमार जहां हर किरदार में छा जाते हैं, तो वहीं राजपाल यादव अपनी कॉमेडी से फिल्म में जान डाल देते हैं। ये सुपरहिट जोड़ी जब-जब फिल्मी पर्दे पर आई है, तो इसने धमाका किया ही किया है। एक बार फिर ये दोनों सितारे 'भूत बंगला' के जरिए दर्शकों का दिल जीतने आ रहे हैं। प्रियदर्शन द्वारा निर्देशित यह हॉरर-कॉमेडी 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इससे पहले, अक्षय और राजपाल की पिछली बेहरतीन फिल्मों को देखना न भूलें।
#1
'फिर हेरा फेरी'
कॉमेडी जॉनर की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में 'फिर हेरा फेरी' का नाम शामिल है। 2006 में रिलीज हुई इस फिल्म में अक्षय के साथ सुनील शेट्टी और परेश रावल मुख्य किरदारों में हैं, लेकिन राजपाल ने 'पप्पू' का किरदार निभाकर पूरा ध्यान खींचा। खासतौर पर फिल्म में अक्षय और राजपाल की बेहतरीन टाइमिंग और ह्यूमर देखकर दर्शक भी लाेटपोट हो गए। आज भी यह फिल्म लोगों की 'कल्ट फेवरेट' बनी हुई है, जो अमेजन प्राइम वीडियो पर माैजूद है।
#2 & #3
'भूल भुलैया' और 'दे दना दन'
प्रियदर्शन द्वारा निर्देशित 'भूल भुलैया' 2007 में रिलीज हॉरर-कॉमेडी है, जिसमें एक बार फिर अक्षय और राजपाल की हिट जोड़ी देखने को मिली। जहां अक्षय ने 'डॉक्टर आदित्य श्रीवास्तव' का किरदार निभाया, तो वहीं राजपाल 'छोटा पंडित' बनकर खूब जंचे थे। 'कल्ट क्लासिक' का दर्जा हासिल करने वाली फिल्म 'दे दना दन' में, अक्षय ने नितिन बनकर और राजपाल ने 'दगडू' बनकर दर्शकों का पूरा ध्यान आकर्षित किया। उनकी कॉमिक टाइमिंग और अभिनय को खूब सराहा गया।
#4 & #5
'भागम भाग' और 'गरम मसाला'
कॉमेडी से भरपूर 'भागम भाग' में, अक्षय ने 'बंटी' का किरदार निभाया है, जबकि राजपाल ने 'गुलू' का रोल किया है। भाग-दौड़ भरी और तेज रफ्तार वाली इस मनोरंजक फिल्म में दोनों की जोड़ी ने फिर साबित कर दिया कि अगर वो किसी भी फिल्म में आ जाएं तो उसे मनोरंजक बना ही देते हैं। अफरा-तफरी और कन्फ्यूजन से भरी 'गरम मसाला' भी अक्षय 'मैक' और राजपाल 'बब्बन' की यादगार फिल्मों में से एक है। यह जियोहॉटस्टार पर मौजूद है।