'बटवारा 1947' का पोस्टर देख चौंके लोग, कनिका कपूर को बताया कियारा आडवाणी की हमशक्ल
'बटवारा 1947' का नया पोस्टर आते ही लोग सिर्फ फिल्म की ही नहीं, बल्कि इस बात की भी खूब चर्चा कर रहे हैं कि कनिका कपूर, कियारा आडवाणी से कितनी मिलती-जुलती दिख रही हैं।
कुछ लोग तो इतने हैरान हुए कि उन्हें 2 बार देखना पड़ा। सोशल मीडिया पर ऐसे कमेंट्स आने लगे, 'अरे, लग तो कियारा आडवाणी रही हैं, लेकिन आपके लिए बहुत खुश हूं कनिका जी।'
इस फिल्म में सनी देओल और प्रीति जिंटा भी अहम भूमिका में हैं और यह फिल्म इसी साल 14 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है।
कनिका कर रही हैं 'बटवारा 1947' से बॉलीवुड डेब्यू
'बटवारा 1947' एक पार्टिशन ड्रामा है, जिसे राजकुमार संतोषी ने निर्देशित किया है। यह फिल्म कनिका का बॉलीवुड डेब्यू है। कनिका इससे पहले 'एक दूजे के वास्ते 2' और 'मॉडर्न परिवार' जैसे टीवी शोज से अपनी पहचान बना चुकी हैं।
इस फिल्म में शबाना आजमी, अली फजल और करण देओल जैसे कलाकार भी हैं। वहीं, यह फिल्म 20 साल बाद सनी देओल और प्रीति जिंटा को एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ ला रही है।
निर्देशक राजकुमार ने बताया कि यह वो आखिरी फिल्म थी जिसे धर्मेंद्र ने देखा था। उन्होंने तो इसकी कामयाबी का अंदाजा पहले ही लगा लिया था।