शेखर कपूर की 'बैंडिट क्वीन' का आएगा सीक्वल, इस निर्देशक को सौंपी गई जिम्मेदारी
क्या है खबर?
फिल्ममेकर शेखर कपूर ने 1994 में आई फिल्म 'बैंडिट क्वीन' के जरिए डकैत फूलन देवी की जिंदगी को पर्दे पर उतारा था। उस वक्त दर्शकों ने भी फिल्म को सराहा था। ताजा अपडेट है कि 3 दशक के बाद इसके सीक्वल पर आधिकारिक मुहर लगाई गई है। बताया जा रहा है कि इस फिल्म के जरिए फूलन देवी की जिंदगी के एक और चैप्टर को दिखाया जाएगा। इसके निर्देशन की जिम्मेदारी फिल्म 'सतलुज' वाले हनी त्रेहान ने उठाई है।
परियोजना
निर्देशक ने 'बैंडिट क्वीन 2' को लेकर कही ये बात
मिड-डे के साथ बातचीत में, हनी ने कहा कि वह फूलन देवी पर आधारित 'बैंडिट क्वीन' का सीक्वल ला रहे हैं।
उन्होंने कहानी पर अपडेट देते हुए कहा, "फिल्म वहीं से शुरू होती है जहां शेखर सर की बैंडिट क्वीन खत्म हुई थी। ओरिजिनल फिल्म ने जो दिखाया था, उसे सम्मान देना एक बड़ी जिम्मेदारी है। मैं स्क्रिप्ट में पूरी तरह डूबा हुआ हूं और बॉबी (बेदी) सर ने पहले ही जितनी रिसर्च कर ली है, उसे देख रहा हूं।"
कहानी
फूलन देवी की आगे की जिंदगी को दिखाएगी सीक्वल
'बैंडिट क्वीन' की कहानी रेप और उनके बदले की घटनाओं पर आधारित थी।
सीक्वल इस पर फोकस करेगा कि जेल से बाहर आने के बाद उनका क्या होता है। यह 1983 में पुलिस के सामने उनके सरेंडर, 11 साल जेल में रहने के बाद की जिंदगी और 2001 में उनकी हत्या की घटना पर आधारित होगी।
इसके अलावा, उम्मेद सिंह के साथ उनके रिश्ते, जिससे उन्होंने बाद में शादी की, उसे भी फिल्म में दिखाया जाएगा।