Loading...
अविका गौर डेंगू के कारण अस्पताल में भर्तीं, पति मिलिंद चंदवानी ने प्रशंसकों से मांगी दुआएं
अविका गौर को हुआ डेंगू

अविका गौर डेंगू के कारण अस्पताल में भर्तीं, पति मिलिंद चंदवानी ने प्रशंसकों से मांगी दुआएं

Aug 08, 2026
03:22 pm

क्या है खबर?

टीवी अभिनेत्री अविका गौर को बीते 5 दिनों से तेज बुखार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके पति मिलिंद चंदवानी ने बताया कि अविका डेंगू से पीड़ित हैं। मिलिंद ने अस्वस्थ होने के बावजूद अपनी पेशेवर प्रतिबद्धताओं को पूरा करने के लिए अविका के समर्पण की सराहना की और प्रशंसकों से उनके जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करने की अपील की है। फिलहाल डॉक्टर उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए हैं।

बीमारी

104 डिग्री बुखार में भी शूटिंग करती रहीं अविका

मिलिंद ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर बताया कि अविका को डेंगू हुआ है।

उन्होंने कहा, "अविका कल रात से अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हें पिछले 5 दिनों से 103-104 डिग्री तेज बुखार था, लेकिन इस दौरान भी उन्होंने काम जारी रखा। वो अपने प्रोजेक्ट के सेट पर गईं, जहां 2 दिन की शूटिंग बाकी थी। 104 डिग्री बुखार के बावजूद उन्होंने ऐसा बेहतरीन प्रदर्शन किया कि 2 दिन का काम 1 ही दिन में पूरा हो गया।"

दर्द

हिलना-डुलना और खाना-पीना तक मुश्किल

मिलिंद ने आगे कहा, "इसके बाद जब अविका वापस आईं तो उन्हें 2 दिन का ब्रेक मिला। वो पूरे दिन बिस्तर पर रहीं, दवाइयां लेती रहीं, यहां तक कि उनके लिए हिलना और ठीक से खाना-पीना भी मुश्किल था, लेकिन अपने कमिटमेंट की वजह से वे उसी बुखार में दिल्ली गईं और एक विज्ञापन की शूटिंग की। जाने से पहले उन्होंने अपना टेस्ट भी करवाया था। जब वो मुंबई लौटीं और रिपोर्ट आई तो उसमें डेंगू की पुष्टि हुई।"

ADVERTISEMENT

समर्पण

अविका के काम के प्रति जुनून पर फिदा हुए मिलिंद

मिलिंद ने बताया, "मैंने अविका से कई बार कहा कि निर्माता समझ जाएंगे और हम शूटिंग टाल सकते हैं पर वे बोलीं, 'मेरी वजह से किसी का समय और पैसा बर्बाद नहीं होना चाहिए। काम के प्रति ऐसा जुनून मैंने कभी नहीं देखा। दूसरों के वक्त की जितनी कद्र वो करती हैं, वैसी कम ही लोग करते हैं। आप सभी से गुजारिश है कि उनके जल्द ठीक होने की दुआ करें। मुझे तुम पर गर्व है, अविका।"

ADVERTISEMENT